बरेली

बरेली में गैंगवार में शामिल एक बदमाश का एनकाउंटर, 6 पुलिसकर्मी पहले ही हो चुके हैं सस्पेंड

शनिवार को सुबह बीच बाजार हुए गैंगवार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ करवाई भी चालू कर दिया। देर रात तक पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गोलियां बरसाने वाला ललित सक्सेना मुठभेड़ में पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है। मामले में 12 नामजद और 150 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

less than 1 minute read
Jun 23, 2024

शनिवार की सुबह बरेली में सड़क पर अंधाधुंध फायरिंग करने वाले एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीओ अनिता सिंह ने बताया कि शनिवार रात दो बजे अडुपुरा मोड़ के पास पुलिस ने ललित सक्सेना को रोकने की कोशिश की। वह फायर करते हुए भागने लगा। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई जो ललित के पैर में लगी।

बरेली में शनिवार सुबह 7 बजे सड़क पर फायरिंग हुई। एक दुकान पर कब्जे को लेकर बिल्डर राजीव राणा और मार्बल कारोबारी आदित्य उपाध्याय के गुर्गें आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से कभी डिवाइडर, कभी कार की आड़ लेकर 30 मिनट तक फायरिंग हुई।

बरेली की इस घटना के वीडियो सामने आए। मामला लखनऊ तक पहुंचा। शाम तक 6 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई।

यह है पूरा मामला

लालपुर निवासी आदित्य उपाध्याय की इज्जतनगर में पीलीभीत बाईपास रोड पर शंकरा महादेवा मार्बल्स के नाम से मार्बल्स की शॉप है। शनिवार सुबह दूसरे पक्ष के बिल्डर राजीव राणा 25 अज्ञात लोग और 2 बुलडोजर लेकर आदित्य उपाध्याय की दुकान पर पहुंचे। राजीव राणा ने कब्जा करने का प्रयास किया। मार्बल्स कारोबारी विरोध पर उतर आए। दोनों पक्षों की तरफ से अंधाधुंध फायरिंग की गई। बुलडोजर में आग लगी दी गई। पुलिस ने आदित्य उपाध्याय व बेटे अविरल को अरेस्ट कर लिया। उनकी बंदूक कब्जे में लिया है।

इंस्पेक्टर सहित लापरवाह 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

SSP घुले सुशील चंद्रभान ने कहा- बिल्डर राजीव राणा पक्ष के लोग कब्जा करने पहुंचे थे। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर फायरिंग की है। FIR दर्ज कर कुछ लोगों को अरेस्ट किया गया है। लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर और बीट सिपाही समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए हैं।

Published on:
23 Jun 2024 08:47 am
Also Read
View All

अगली खबर