
बरेली। सिटी स्टेशन से दुल्हे मियाँ की मजार तक रामपुर रोड पर सड़क निर्माण शुरू होते ही बरेली की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। मंगलवार सुबह जैसे ही रूट डायवर्जन लागू हुआ, शहर की प्रमुख सड़कों पर जाम का सैलाब उमड़ पड़ा। चौकी चौराहा, चौपला, मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा और डेलापीर तिराहे पर हालात ऐसे बन गए मानो पूरे शहर में चक्का जाम लग गया हो।
ट्रैफिक पुलिस ने चौकी चौराहा समेत कई संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेड लगाकर रास्ते पूरी तरह डायवर्ट कर दिए। अचानक बदले गए रूट से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह दफ्तर, स्कूल और अस्पताल जाने वाले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। कई जगह दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंगते नजर आए।
चौकी चौराहा पर हालात सबसे ज्यादा बिगड़े। बैरिकेडिंग के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मिनी बाईपास, चौपला पुल और सिटी स्टेशन की ओर जाने वाले रास्तों पर जाम का दबाव लगातार बढ़ता रहा। कई बार तो ट्रैफिक पूरी तरह थम गया, जिससे राहगीरों को पैदल ही रास्ता तय करना पड़ा।
सिटी स्टेशन–दुल्हे मियाँ मजार मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद होते ही ट्रैफिक का पूरा दबाव वैकल्पिक मार्गों पर आ गया। बड़े बाईपास, झुमका तिराहा, इज्जतनगर और डेलापीर रूट पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई, जिससे इन इलाकों में भी जाम की स्थिति बनती चली गई।
डायवर्जन के चलते रोडवेज बसें भी जाम में उलझती रहीं। सैटेलाइट बस स्टैंड की ओर जाने वाले रूट पर लंबा जाम लग गया। बसों के देरी से पहुंचने पर यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। कई यात्रियों ने कहा कि बिना पर्याप्त तैयारी के रूट बदलने से आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण का कार्य अगले तीन महीने तक चलेगा। ऐसे में अगर ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त व व्यवस्थित नहीं किया गया, तो शहर में रोजाना जाम और बढ़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
03 Feb 2026 12:04 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
