बरेली

अनिल हत्याकांड : मंत्री की फटकार के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, परिजनों ने घेरी कोतवाली, जमकर हंगामा

चर्चित अनिल हत्याकांड में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिपाही से प्रॉपर्टी डीलर बने वेद प्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

2 min read
Feb 16, 2026

पीलीभीत। चर्चित अनिल हत्याकांड में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिपाही से प्रॉपर्टी डीलर बने वेद प्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भारी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा, बाद में सीओ सिटी के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।

शहर के मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी 25 वर्षीय अनिल का शव आईटीआई के पास स्थित मधुरवानी इंफा हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय की छत पर फंदे से लटका मिला था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत कराया गया, लेकिन परिजनों ने इसे सीधे तौर पर हत्या बताया। परिजनों का आरोप है कि अनिल को कार्यालय मालिक वेद प्रकाश कश्यप और एक युवती निधि के निजी संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसी कारण उसकी हत्या की गई और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई देरी, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हंगामा

परिजनों का कहना था कि शुरुआती दौर में पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नाराज परिजन पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे और हंगामा किया। मामला बढ़ता देख प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार मौके पर पहुंचे। मंत्री ने कोतवाल सत्येंद्र कुमार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज करने और संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा।

हत्या का मुकदमा दर्ज, फिर हुई गिरफ्तारी

राज्यमंत्री की सख्ती के बाद शनिवार को प्रॉपर्टी डीलर वेद प्रकाश कश्यप, निधि और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के क्रम में सोमवार सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी वेद प्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तारी के बाद आगे की पूछताछ और अन्य आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

कोतवाली में महिलाओं का प्रदर्शन

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की और कुछ लोग उसे सार्वजनिक रूप से दिखाने पर अड़ गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी और सुनगढ़ी कोतवाल नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा। बाद में सीओ सिटी ने दो प्रतिनिधियों को बुलाकर मुख्य आरोपी को हवालात में बंद दिखाया। इसके बाद समझाइश पर परिजन अपने घरों को लौट गए।

कोतवाल पर कार्रवाई अब भी अधर में

मामले में मंत्री की नाराजगी के बावजूद शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार के खिलाफ अब तक निलंबन या लाइन हाजिर की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन कार्रवाई न होने को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री के निर्देशों के बाद भी यदि संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती तो इससे पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होंगे। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर