बरेली

पुलिस पर फायरिंग करने वाला अंकित गिरफ्तार, अयूब खां चौराहे पर महिला से झपटा था कुंडल, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

कोतवाली क्षेत्र में महिला से कुंडल झपटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। कोतवाली थाना पुलिस टीम ने कैंट क्षेत्र के बालाजी धाम गौशाला वाली गली निवासी दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित को गिरफ्तार किया है।

less than 1 minute read
Jan 27, 2026

बरेली। कोतवाली क्षेत्र में महिला से कुंडल झपटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। कोतवाली थाना पुलिस टीम ने कैंट क्षेत्र के बालाजी धाम गौशाला वाली गली निवासी दिव्यांश वर्मा उर्फ अंकित को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक अंकित ने 19 जनवरी को अयूब खां चौराहे पर स्कूटी सवार महिला के कान से कुंडल झपट लिया था। सोमवार को वह चौपुला चौराहे के पास संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागते हुए रेलवे कॉलोनी में घुस गया। पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और वह मौके पर ही धर दबोचा गया।

तलाशी में आरोपी के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा 315 बोर का कारतूस, महिला का एक कुंडल, दूसरा कुंडल बेचकर रखे गए 5,570 रुपये, घटना में इस्तेमाल बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घायल बदमाश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Also Read
View All

अगली खबर