3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट में छुपाया सबूत… पुलिस ने शौच के रास्ते निकलवाया चांदी का ब्रेसलेट, 24 घंटे में खुली चोरी की गुत्थी

बारादरी थाना पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का ऐसा खुलासा किया, जिसने सबको चौंका दिया। शातिर चोर ने पुलिस से बचने के लिए चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया, लेकिन पुलिस ने मेडिकल प्रक्रिया के जरिए उसे बरामद कर लिया। पुलिस ने अब उसे जेल भेज दिया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का ऐसा खुलासा किया, जिसने सबको चौंका दिया। शातिर चोर ने पुलिस से बचने के लिए चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया, लेकिन पुलिस ने मेडिकल प्रक्रिया के जरिए उसे बरामद कर लिया। पुलिस ने अब उसे जेल भेज दिया है।

सम्राट अशोकनगर कॉलोनी निवासी अशोक कुमार सिंह के घर 31 मार्च की रात करीब तीन बजे चोरी हुई थी। चोर मेन गेट खोलकर बुलेट बाइक, चांदी का ब्रेसलेट और दो मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे में ही घटना का खुलासा कर दिया और एक अप्रैल को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी और यक्ष एप से मिली पहचान

घटना के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज अहम साबित हुआ। फुटेज में चोर का कान और चेहरे का कुछ हिस्सा दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने यक्ष एप की मदद से हजियापुर निवासी सिकंदर उर्फ छोटा की पहचान की, जिस पर पहले से 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सिकंदर को उसके साथी मुकेश के साथ डोहरा ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बुलेट, स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल बरामद हुए। गिरफ्तारी के दौरान ही सिकंदर ने सबूत मिटाने के लिए चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया और पूछताछ में इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में उसके साथी मुकेश ने इशारों में पुलिस को इसकी सूचना दी।

एक्स-रे से खुला राज, अस्पताल में निकला ब्रेसलेट

पुलिस ने जब सिकंदर का एक्स-रे कराया तो उसके पेट में ब्रेसलेट होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दवाइयों के जरिए 24 घंटे बाद शौच के रास्ते ब्रेसलेट बाहर निकलवा लिया। बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के मुताबिक, मेडिकल प्रक्रिया के बाद ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया है और आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सिकंदर ने खुलासा किया कि वह चोरी की बुलेट बाइक को नेपाल में बेचने की फिराक में था, जबकि स्प्लेंडर बाइक शाहजहांपुर के कटरा क्षेत्र में बेचने का सौदा कर चुका था। सिकंदर हाल ही में जमानत पर जेल से छूटा था, जबकि उसका साथी मुकेश दुष्कर्म के मामले में पहले जेल जा चुका है। दोनों की दोस्ती जेल में ही हुई थी और बाहर आते ही दोनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।