बरेली

पासपोर्ट कार्यालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया दफ्तर, मची अफरा-तफरी

डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी ने प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

2 min read
Apr 13, 2026
Feature image

बरेली। डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी ने प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

धमकी भरे ईमेल में दोपहर 1:10 बजे विस्फोट का समय लिखा था। अलर्ट के बाद पासपोर्ट अधिकारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दोपहर एक बजे से लेकर करीब डेढ़ बजे तक पूरे कार्यालय का स्टाफ बाहर खड़ा रहा। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने हर कमरे, फाइल सेक्शन और लोगों के बैग तक की गहन तलाशी ली। करीब डेढ़ घंटे तक चली सघन जांच के बाद भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद टीम ने राहत की सांस लेते हुए कार्यालय को फिर से सामान्य रूप से संचालित करने की अनुमति दे दी। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कई जिलों में अलर्ट, बदायूं में भी जांच

ईमेल में बरेली के अलावा बदायूं और पीलीभीत के पासपोर्ट सेवा केंद्रों का भी जिक्र किया गया था। इसके चलते इन जिलों में भी पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। बदायूं में डाकघर और पासपोर्ट कार्यालयों पर विशेष टीमों ने घंटों तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

साइबर सेल जुटी, पहले भी मिल चुकी है धमकी

पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि ईमेल भेजने वाले का कोई नाम-पता नहीं है और इस बार भाषा भी पहले से अलग है। साइबर सेल की टीम ईमेल के आईपी एड्रेस के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च को भी इसी पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और जिले में शांति व्यवस्था सामान्य है। आम जनता को किसी तरह की अफवाहों से बचने और घबराने की जरूरत नहीं है।