बरेली

मुस्लिम मोहल्ला किधर है, पूछना पड़ा भारी… स्कूटी सवार ने टोपी उतरवाई, बुजुर्ग समेत तीन युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

मुस्लिम मोहल्ले का रास्ता पूछना तीन युवकों को भारी पड़ गया। रमजान से पहले जकात मांगने पहुंचे जावेद और उसके साथियों को स्कूटी सवार युवक ने कथित तौर पर टोपी उतरवाकर सरेआम पीटा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

2 min read
Feb 21, 2026

बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के कस्बा रुदायन में जकात मांगने गए तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सिर्फ मुस्लिम मोहल्ले और हाईवे का रास्ता पूछने पर स्कूटी सवार युवक भड़क गया और तीनों को सरेआम पीट डाला।

सहसवान के मोहल्ला दहलीज निवासी जावेद अपने साथियों आरिफ और अब्दुल सलाम के साथ रुदायन कस्बे में रमजान के मद्देनजर जकात मांगने गए थे। जावेद के भाई अरमान के मुताबिक, एक गली में उन्होंने स्कूटी सवार युवक से पूछा कि मुस्लिम मोहल्ला किधर है और हाईवे का रास्ता कहां से जाएगा। इतना सुनते ही युवक कथित तौर पर उग्र हो गया। अरमान का आरोप है कि युवक ने पहले स्कूटी रोकी, फिर बुजुर्ग अब्दुल सलाम की टोपी उतरवाई और तीनों को थप्पड़ मारने लगा। करीब 200 मीटर तक गाली-गलौज करते हुए उन्हें दौड़ाया और गली से बाहर तक खदेड़ दिया।

कब्र खोदते हैं, काम कम हो तो भीख मांगते हैं

अरमान ने बताया कि उनका परिवार कब्र खोदने का काम करता है। जब काम नहीं मिलता तो परिवार के गुजारे के लिए भीख मांगते हैं। उनका कहना है कि भाइयों को बिना किसी उकसावे के पीटा गया। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी के दो साथी पूरी घटना का वीडियो बना रहे हैं, जबकि आरोपी तीनों युवकों को थप्पड़ मारता और धक्का देता नजर आ रहा है।

वीडियो वायरल, सियासत तेज

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। कई यूजर्स ने घटना पर प्रतिक्रिया दी। यूपी कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा और इसे समाज में बढ़ती नफरत का उदाहरण बताया। पोस्ट में कहा गया कि बिना उकसावे के सड़क पर रोककर मारपीट करना गंभीर संकेत है।

पुलिस ने क्या कहा

सीओ बिल्सी सुनील कुमार ने बताया कि मामले में थाना स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कर रही है, जबकि वीडियो के चलते इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Also Read
View All

अगली खबर