15 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली से पहले मिलावटखोरों की कमर तोड़ रही FSDA, ताबड़तोड़ छापे, 15 नमूने भरे, 10 किलो रंगीन चिप्स जब्त

होली के रंग बाजार में उतरने से पहले ही मिलावटखोरों की नींद उड़ा दी गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिले भर में छापेमारी कर 15 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे और 10 किलो संदिग्ध रंगीन चिप्स सीज कर दिए।

2 min read
Google source verification

कार्रवाई करती एफएसडीए की टीम

बरेली। होली के रंग बाजार में उतरने से पहले ही मिलावटखोरों की नींद उड़ा दी गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिले भर में छापेमारी कर 15 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे और 10 किलो संदिग्ध रंगीन चिप्स सीज कर दिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने फरीदपुर, नवाबगंज, सेंथल, बहेड़ी बाजार और परसाखेड़ा तक दबिश दी। छापेमारी की खबर लगते ही कई दुकानों में हड़कंप मच गया।

तेल-घी से दूध तक की जांच, बड़े ब्रांड भी रडार पर

केसरपुर फरीदपुर स्थित पतंजलि फूड्स लिमिटेड के भंडारगृह से सरसों का तेल (महाकोष ब्रांड), वनस्पति (महाकोष ब्रांड) और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने भरे गए। गोपालपुर फरीदपुर में एक डेयरी प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया, जबकि बक्सरिया में वनस्पति (गगन ब्रांड) और सरसों के तेल की सैंपलिंग की गई। विभाग ने साफ कर दिया है कि त्योहार के नाम पर घटिया तेल-घी बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

नवाबगंज में छापा, 1200 रुपये के रंगीन चिप्स सीज

नवाबगंज के बाईपास रोड स्थित पप्पू किराना स्टोर से रंगीन चिप्स और किशमिश के नमूने लिए गए। मौके पर 10 किलो रंगीन चिप्स संदिग्ध पाए जाने पर जब्त कर सीज कर दिए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1200 रुपये बताई जा रही है। सेंथल में सेलिब्रेशन स्वीट्स से गुझिया और भारत डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया। बहेड़ी बाजार की एक दुकान से दो अलग-अलग ब्रांड के सरसों तेल के नमूने भरे गए।

नमकीन और मसालों पर भी नजर, फैक्ट्रियों तक पहुंची टीम

परसाखेड़ा स्थित एक फूड यूनिट से पैक्ड नमकीन पफ, टमाटो मिक्स सीजनिंग पाउडर और मिक्स मसाला के नमूने लिए गए। विभाग की टीम सीधे उत्पादन इकाई तक पहुंची, जिससे कारोबारी वर्ग में हलचल मच गई। सभी 15 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगर मिलावट या मानक से कम गुणवत्ता पाई गई तो संबंधित दुकानदारों और फर्मों पर मुकदमा दर्ज कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

त्योहार पर जहर बेचने वालों को नहीं छोड़ेंगे: अक्षय गोयल

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने दो टूक कहा कि होली पर मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी शिकायत मिलेगी, तुरंत छापा पड़ेगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर होली तक विशेष अभियान जारी रहेगा। विभाग ने साफ संदेश दे दिया है कि इस बार त्योहार पर मिलावटखोरों की खैर नहीं।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग