
बरेली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां शुक्रवार देर शाम बरेली पहुंच गईं। आज उनकी अस्थियों को रामगंगा नदी में प्रवाहित किया जाएगा। सूबे के सिंचाई राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा अस्थि कलश लेकर बरेली पहुंचे। बरेली पहुंचने पर Ashthi Kalas पर फूल बरसा कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अस्थि कलश को देर रात पार्टी कार्यालय लाया गया जहां पर पार्टी के नेताओं ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अस्थि कलश को सुबह स्टेडियम लाया जाएगा जहां पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। श्रद्धांजलि सभा के बाद अस्थि कलश विसर्जन यात्रा शुरू होगी।
इस रूट से जाएगा अस्थि कलश
शनिवार सुबह स्टेडियम में श्रद्धांजलि सभा होने के बाद atal bihari vajpayee Ashes को रामगंगा नदी ले जाया जाएगा। अस्थि कलश यात्रा डीडी पुरम, भारत सेवा ट्रस्ट, कोहाड़ापीर, कुतुब खाना, पटेल चौक, सिकलापुर चौराहा, कालीबाड़ी होती हुई सेटेलाइट चौराहे से फरीदपुर प्रस्थान करेगी। फरीदपुर से बुखारा रोड होते हुए बल्लिया, देवचरा होते हुए बदायूं जनपद में प्रवेश करेगी। तत्पश्चात बदायूं नगर भ्रमण के पश्चात सायं 6:30 बजे तक रामगंगा पहुंचेगी जहां पर विधि विधान के अनुसार अस्थि विसर्जन किया जाएगा।
रूट डायवर्ट किया गया
अस्थि कलश यात्रा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए शहर में रूट डायवर्ट कर दिया गया है जो कि कार्यक्रम की समाप्ति तक जारी रहेगा। रूट डायवर्जन के दौरान भारी वाहन शहर के अंदर नहीं दाखिल हो पाएंगे। भारी वाहनों के साथ हल्के वाहनों को भी यात्रा रूट पर जाने से रोका जाएगा। अयूब खां चौराहे से कुतुबखाना तक ई रिक्शा, ऑटो, कार का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सिकलापुर चौराहे से रोडवेज की ओर सभी हल्के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। विकास भवन से कोई भी वाहन शायमगंज चौराहे की तरफ नहीं जा पाएगा।
ये रहेंगे मौजूद
कलश यात्रा में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सिंचाई राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, दर्जा राज्यमंत्री बीएल वर्मा,दर्जा राज्य मंत्री रामगोपाल अनजान, सांसद आंवला धर्मेन्द्र कश्यप व सभी विधायक उपस्थित होंगे।