
Psycho Killer Kuldeep: बरेली के शाही थाना क्षेत्र की 55 वर्षीय कलावती 5 जून 2023 को खेतों की तरफ निकली थीं। दोपहर का समय था और रास्ते सुनसान थे। इसी दौरान एक युवक ने पीछे से आवाज देकर उनसे बातचीत करने की कोशिश की। कलावती ने विरोध जताया और उसे फटकारते हुए आगे बढ़ गईं। युवक ने उनका पीछा करना जारी रखा।
पुलिस जांच के मुताबिक, गन्ने के खेतों के पास पहुंचने पर युवक ने कलावती को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी ही साड़ी के पल्लू से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने उनके कुछ गहने उतारे और मौके से फरार हो गया।
शाम करीब चार बजे खेतों में काम करने पहुंचे मजदूरों ने गन्ने के खेत में कलावती का शव देखा। उनका चेहरा नीला पड़ चुका था और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां टूटी चूड़ियां, एक पुरानी चप्पल और मिट्टी में कुछ निशान मिले। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
हालांकि, यह हत्या कोई अकेली वारदात नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 और जुलाई 2024 तक इन दोनों थाना क्षेत्रों में छह महिलाओं की हत्या के मामले दर्ज हुए थे। सभी मामलों में हत्या का तरीका एक जैसा था।
इधर, बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के गांवों में दहशत फैल गई। परिवारों ने महिलाओं को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया। यहां तक कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में भी उनका जाना कम हो गया। पुलिस ने गांवों में लोगों को सतर्क रहने और महिलाओं को अकेले खेतों की तरफ न जाने की सलाह दी।
एक के बाद एक हत्याओं से पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। तत्कालीन एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने हत्यारे तक पहुंचने के लिए बड़े स्तर पर जांच शुरू कराई। करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। निगरानी के लिए 600 नए कैमरे भी लगवाए गए। डेढ़ लाख से ज्यादा मोबाइल नंबर सर्विलांस पर रखे गए, लेकिन पुलिस को हत्यारे तक पहुंचने का कोई ठोस रास्ता नहीं मिला।
इसी बीच एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान का तबादला हो गया। 26 जून 2024 को अनुराग आर्य ने बरेली के नए एसएसपी के रूप में कार्यभार संभाला। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती शाही इलाके में महिलाओं की हत्याओं के सिलसिले को रोकना और आरोपी को गिरफ्तार करना था।
अनुराग आर्य ने पदभार संभालने के बाद जांच को नए सिरे से व्यवस्थित किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू), सर्विलांस टीम और बीट पुलिसकर्मियों को एक साथ बैठक में बुलाया। उनका मानना था कि गांवों की भौगोलिक स्थिति, रास्तों और स्थानीय लोगों की गतिविधियों की जानकारी रखने वाले बीट सिपाही इस जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इसके बाद एक वॉर रूम तैयार किया गया। पुरानी घटनाओं की फाइलें, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थलों की जानकारी और संदिग्धों से जुड़े इनपुट एक जगह जुटाए गए। पुलिस ने हत्यारे के काम करने के तरीके का भी विश्लेषण शुरू किया।
जांच में सामने आया कि ज्यादातर महिलाओं की हत्या गला घोंटकर की गई थी। कई मामलों में गले पर बाईं तरफ गांठ के निशान मिले थे। पुलिस ने इस समानता को हत्यारे के तरीके यानी मोडस ऑपरेंडी का अहम हिस्सा माना। आरोपी की मानसिकता और अपराध के पैटर्न को समझने के लिए मनोवैज्ञानिक की मदद भी ली गई।
2 जुलाई 2024 को अनुराग आर्य को बरेली का एसएसपी बने करीब एक सप्ताह हुआ था। इसी दिन शाम को पुलिस को सूचना मिली कि शाही क्षेत्र के कोबुझिया जागीर गांव में गन्ने के खेत में एक महिला का शव मिला है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय अनीता के रूप में हुई। वह अपने मायके फतेहगंज पश्चिमी से ससुराल लौट रही थीं।
पुलिस मौके पर पहुंची तो हत्या का तरीका पहले की घटनाओं जैसा ही था। अनीता का गला घोंटा गया था। शुरुआती जांच में लूट की आशंका भी जताई गई, क्योंकि उनके बैंक खाते और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़ी जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने इस एंगल से भी जांच की।
इस घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों का दबाव और बढ़ गया। एडीजी रमित शर्मा और आईजी राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब 300 पुलिसकर्मियों की टीमें जांच में लगाई गईं। ड्रोन कैमरों और नावों की मदद से नदी किनारे के इलाकों पर निगरानी रखी गई। संदिग्धों के ठिकानों पर करीब 150 जगह दबिश दी गई और 1500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाली गईं। इसके बावजूद आरोपी का पता नहीं चला।
जांच में पुलिस के सामने एक और मुश्किल थी। आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार अपनी जगह बदलता रहता था। वारदात के बाद वह ऐसे रास्तों से निकलता था, जहां पुलिस की सामान्य निगरानी नहीं पहुंच पाती थी।
पुलिस ने अब अपनी रणनीति बदल दी। गांवों में गश्त करने के बजाय पुलिसकर्मियों को खेतों में मजदूर बनकर तैनात किया गया। महिला पुलिसकर्मियों को साड़ी पहनाकर खेतों में काम करने वाली महिलाओं के बीच लगाया गया। वहीं, उम्रदराज पुरुष पुलिसकर्मियों को कुर्ता-पायजामा और धोती-कुर्ता पहनाकर मजदूरों के बीच रहने को कहा गया। इन पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरे भी दिए गए, ताकि संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड की जा सकें।
इसके साथ ही गांवों में पूछताछ की गई और संदिग्धों के हुलिये के आधार पर तीन स्केच तैयार कराए गए। पुलिस ने पोस्टर भी लगवाए और लोगों से अपील की कि आरोपी के बारे में जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
करीब दो साल तक चले इस खौफ के बीच पुलिस को आखिरकार एक ऐसा सुराग मिला, जिसने जांच की दिशा बदल दी।
बीट पुलिसकर्मियों को गांवों में घूमने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया था। इसी दौरान एक सिपाही ने एसएसपी को सूचना दी कि एक व्यक्ति अक्सर खेतों के आसपास घूमता है और महिलाओं से बातचीत करने की कोशिश करता है। वह इलाके के रास्तों से भी अच्छी तरह परिचित है।
पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। संदिग्ध का चेहरा पहले जारी किए गए स्केच से मिलता-जुलता था। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए एक योजना बनाई।
8 अगस्त 2024 को शाही इलाके में पुलिस की टीम सादे कपड़ों में निकली। टीम में सरफराज, उत्तम कुमार, शेखर वर्मा और अमित चौधरी शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध से सामान्य लोगों की तरह बातचीत शुरू की। उसका नाम कुलदीप गंगवार सामने आया।
बातचीत के दौरान पुलिसकर्मियों ने उससे शादी के बारे में पूछा। कुलदीप ने बताया कि उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई। अब वह दूसरी शादी करना चाहता है। पुलिसकर्मियों ने इसी बात को गिरफ्तारी का जरिया बनाया। उन्होंने कुलदीप को बताया कि उनकी पहचान में कुछ लड़कियां हैं। अगर वह चाहे तो उसकी मुलाकात कराई जा सकती है। इसके लिए उसे उनके साथ चलना होगा।शादी की बात सुनकर कुलदीप तैयार हो गया। पुलिसकर्मी उसे अपने साथ शाही थाने ले आए। वहां पहले से मौजूद टीम ने उससे पूछताछ शुरू कर दी।
शुरुआत में पुलिसकर्मियों ने कुलदीप से सामान्य बातचीत की। फिर धीरे-धीरे सवालों का रुख हत्याओं की तरफ मोड़ दिया गया। उससे पूछा गया कि क्या उसने कभी किसी महिला की हत्या की है? पुलिस के मुताबिक, कुलदीप ने दावा किया कि वह उन महिलाओं को मार देता था, जो उससे ठीक से बात नहीं करती थीं। वह खेतों में अकेली मिलने वाली महिलाओं से बातचीत शुरू करता था। उनसे शारीरिक संबंध बनाने की बात पूछता था। विरोध या गाली मिलने पर वह गुस्से में आ जाता था और उनका गला घोंट देता था।
पूछताछ में उसने बताया कि वह महिलाओं की साड़ी के पल्लू या सलवार-सूट के दुपट्टे से गला कसता था। वह हत्या के लिए सुनसान खेतों को चुनता था, जहां किसी की नजर उस पर नहीं पड़ती थी।
पुलिस ने उससे अनीता की हत्या के बारे में पूछा तो उसने घटनास्थल और वारदात से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद उसने अन्य हत्याओं में भी शामिल होने की बात कबूली।पुलिस के अनुसार, कुलदीप ने छह महिलाओं की हत्या करना स्वीकार किया। वह घटनाओं की तारीखों के बजाय गांवों और खेतों की जगहों से वारदातों को याद करता था। उसने पुलिस को उन सभी छह घटनास्थलों पर ले जाकर जानकारी भी दी।
पूछताछ में पुलिस को कुलदीप की पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, उसके पिता बाबूराम ने दो शादियां की थीं। कुछ समय तक उसकी सगी मां और सौतेली मां एक ही घर में रहती थीं।
आरोपी का कहना था कि उसके पिता उसकी सौतेली मां के कहने पर उसकी सगी मां के साथ मारपीट करते थे। इस वजह से वह सौतेली मां को अपनी मां की तकलीफों के लिए जिम्मेदार मानता था। उसके मन में सौतेली मां के प्रति विद्वेष पैदा हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2014 में कुलदीप की शादी हुई थी। लेकिन उसका हिंसक व्यवहार पत्नी के साथ भी जारी रहा। वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसका गला दबाने की कोशिश भी कर चुका था। आखिरकार कुछ साल बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई।इसकी वजह से महिलाओं के प्रति उसके मन में द्वेष और कुंठा और बढ़ गई थी।
पुलिस के लिए कुलदीप तक पहुंचना आसान नहीं था। इसकी एक बड़ी वजह उसका मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना था। वह आने-जाने के लिए भी किसी वाहन का इस्तेमाल नहीं करता था।
पुलिस के मुताबिक, वह आसपास के गांवों में अपने रिश्तेदारों के यहां ठहरता था। उसे इलाके के रास्तों की अच्छी जानकारी थी। वह मुख्य सड़कों के बजाय खेतों की मेड़ों, पगडंडियों और चकरोड से होकर निकलता था। दिन में वह खेतों के आसपास घूमकर महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखता था। इस तरह वह बिना किसी को शक हुए अपनी गतिविधियां जारी रखता था।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने कुलदीप से महिलाओं के गायब गहनों के बारे में भी सवाल किए। शुरुआती जांच में कुछ घटनास्थलों से महिलाओं के गहने गायब मिले थे। पुलिस ने लूट के एंगल से भी जांच की थी।
कुलदीप ने पुलिस को बताया कि उसका मकसद लूटपाट नहीं था। वह महिलाओं की कुछ चीजें अपने पास निशानी के तौर पर रख लेता था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से मृत महिलाओं से जुड़ी कुछ वस्तुएं भी बरामद हुईं। जांच के दौरान पुलिस ने उसके पास से अनीता का वोटर आईडी कार्ड, लाल लिपिस्टिक, बिंदी और अन्य महिलाओं से संबंधित सामान बरामद करने का दावा किया था।
पूछताछ के बाद पुलिस ने कुलदीप से हत्या करने का तरीका समझने के लिए घटनास्थल का रीक्रिएशन कराया। इसके लिए एक डमी मंगाई गई। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप ने डमी के गले में कपड़ा लपेटकर दिखाया कि वह किस तरह महिलाओं का गला घोंटता था। इस दौरान उसने गले के बाईं तरफ गांठ लगाई। पुलिस को पहले की घटनाओं में भी इसी तरह के निशान मिले थे। इसके बाद पुलिस उसे अलग-अलग घटनास्थलों पर लेकर गई। वहां उसने वारदातों से जुड़ी जानकारी दी और उन रास्तों की पहचान कराई, जिनका इस्तेमाल वह आने-जाने के लिए करता था।
बरेली पुलिस ने 9 अगस्त 2024 को कुलदीप की गिरफ्तारी का खुलासा किया। अधिकारी ने बताया कि कुलदीप ने छह हत्याओं की बात कबूल की है और पुलिस ने सभी छह घटनास्थलों पर जाकर उसकी जानकारी की पुष्टि की है। इसके अलावा तीन अन्य घटनाएं भी सामने थीं, जिनका मोडस ऑपरेंडी इसी तरह का था। जांच की जा रही है। आरोपी जेल में बंद है और उसके खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Nov 2026, 3:43 PM IST
Published on:
23 Nov 2026, 3:28 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश




