शाही थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में मंगलवार रात खुराफातियों ने कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल गिराकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सुबह जैसे ही ग्रामीणों ने दीवार गिरी देखी, एक समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
बरेली। शाही थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में मंगलवार रात खुराफातियों ने कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल गिराकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सुबह जैसे ही ग्रामीणों ने दीवार गिरी देखी, एक समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव की कुल आबादी करीब 3700 है, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लगभग 500 लोग रहते हैं। गांव के बाहर स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान तत्कालीन मीरगंज विधायक सुल्तान बेग ने विधायक निधि से बनवाई थी। आरोप है कि बीती रात किसी शरारती तत्व ने दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह ग्रामीण उधर पहुंचे तो टूटी दीवार देखकर नाराजगी बढ़ गई।
ग्राम प्रधान के पति प्रेमपाल ने पुलिस को सूचना दी। इस पर प्रभारी निरीक्षक शाही राजेश बैंसला और चौकी इंचार्ज दुनका मुनेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी देर तक मौके पर जांच-पड़ताल की। हालात की नजाकत को देखते हुए क्षेत्राधिकारी भी पहुंचे।
कुछ ही देर में मीरगंज के क्षेत्राधिकारी अजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए खुराफातियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि दो दिन के भीतर बाउंड्री वॉल दोबारा बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गांव का माहौल खराब करने की साजिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति है और पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है।