
hello cafe, police action
बरेली।करोड़ों रुपये का लोन डकारने के बाद बैंक की सील तोड़कर दोबारा बार चलाना हेलो कैफे एंड बार के संचालकों को भारी पड़ गया। अफसरों से करीबी का रौब दिखाकर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश हुई, लेकिन आखिरकार बारादरी पुलिस और बैंक टीम ने दोबारा छापा मारकर हेलो कैफे एंड बार को सील कर बैंक को कब्जा दिला दिया। पूरे मामले ने शहर में रसूख, बैंक लोन और दबंगई के गठजोड़ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
बारादरी क्षेत्र में रुहेलखंड चौकी के सामने संचालित हेलो कैफे एंड बार पर बैंक ऑफ बड़ौदा और आईसीआईसीआई बैंक का करीब 3 करोड़ 24 लाख 69 हजार 670 रुपये का लोन बकाया है। लंबे समय से भुगतान न होने पर बैंक ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कैफे एंड बार को सील कर अपने कब्जे में लिया था। निगरानी के लिए वहां गार्ड भी तैनात किए गए थे।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक 31 मार्च की रात संचालक रजत अग्रवाल और बोस्की अग्रवाल 15-16 अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और ताला व सील तोड़कर दोबारा कब्जा कर लिया। इसके बाद कैफे का संचालन फिर शुरू कर दिया गया। मामले में आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्राधिकृत अधिकारियों ने बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
सूत्रों के मुताबिक जब बैंक और पुलिस टीम पहली बार कार्रवाई करने पहुंची थी, तब संचालकों ने एक बड़े अफसर का नाम लेकर टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। कार्रवाई रोकने के लिए रसूख का इस्तेमाल किया गया, लेकिन बैंक और पुलिस टीम पीछे नहीं हटी। इसके बावजूद सील तोड़कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया।
जब बैंक अधिकारियों को दोबारा संचालन की जानकारी मिली तो टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि इस दौरान फिर अफसर का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा ने एसएसपी अनुराग आर्य को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने बैंक टीम के साथ कार्रवाई करते हुए हेलो कैफे एंड बार को दोबारा सील कर बैंक को कब्जा दिला दिया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बैंक की प्रक्रिया के तहत संपत्ति को सील किया गया था। इसके बावजूद संचालकों ने सील तोड़कर दोबारा संचालन शुरू कर दिया था। शिकायत मिलने पर दोबारा कार्रवाई कर संपत्ति बैंक के कब्जे में दे दी गई है।
Published on:
12 May 2026 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
