बरेली

बरेली के इन अस्पतालों में पकड़ा गया आयुष्मान कार्ड का खेल, सीएमओ की छापेमारी से हड़कंप, फर्जीवाड़ा, अनट्रेंड स्टाफ

शहर के निजी अस्पतालों में चल रहे खेल पर सीएमओ की छापेमारी ने बड़ा पर्दाफाश कर दिया। सौ फुटा स्थित फैज अस्पताल में संदिग्ध आयुष्मान कार्ड से इलाज का मामला सामने आया, जबकि चंद्रकांती अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट के नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। कार्रवाई से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

less than 1 minute read
Apr 08, 2026
डा. विश्राम सिंह सीएमओ बरेली

बरेली। शहर के निजी अस्पतालों में चल रहे खेल पर सीएमओ की छापेमारी ने बड़ा पर्दाफाश कर दिया। सौ फुटा स्थित फैज अस्पताल में संदिग्ध आयुष्मान कार्ड से इलाज का मामला सामने आया, जबकि चंद्रकांती अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट के नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। कार्रवाई से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह की टीम ने जब फैज अस्पताल में छापा मारा तो बड़ा खेल सामने आया। यहां एक मरीज का इलाज ऐसे आयुष्मान कार्ड पर किया जा रहा था, जो बिहार के अररिया पते पर बना था, जबकि मरीज बरेली का निकला।
इतना ही नहीं, अस्पताल में अप्रशिक्षित स्टाफ मरीजों का इलाज करता मिला। अधिकारियों की सख्ती के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत दो कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

नियमों की उड़ती धज्जियां, साफ-सफाई भी फेल

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और बायोमेडिकल वेस्ट का सेग्रीगेशन भी मानकों के अनुरूप नहीं मिला। आयुष्मान मित्र भी मरीज से जुड़ी सही जानकारी देने में नाकाम रहा। इस पर सीएमओ ने तुरंत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।

चंद्रकांती अस्पताल भी आया रडार पर

सीएमओ की टीम जब चंद्रकांती अस्पताल पहुंची तो वहां भी लापरवाही उजागर हो गई। बायोमेडिकल वेस्ट के सही से निस्तारण न होने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस थमा दिया गया।

आई नोया अस्पताल को मिली राहत

वहीं, आई नोया अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर टीम ने उसकी सराहना की।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने साफ कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के खिलाफ काम करने वाले अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read
View All