बरेली

बरेली कॉलेज के छात्रों को पराग फैक्ट्री में मिलेगी नौकरी, कैबिनेट मंत्री ने किए सहमति पत्र पर साइन, जाने

बरेली कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के कौशल विकास और रोजगार मार्गदर्शन के लिए बड़ा कदम उठाया गया। करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल बरेली कॉलेज और पराग फैक्ट्री करगैना बरेली के बीच एक समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दुग्ध एवं पशुपालन धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि रहे।

2 min read
Nov 21, 2025

बरेली। बरेली कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के कौशल विकास और रोजगार मार्गदर्शन के लिए बड़ा कदम उठाया गया। करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल बरेली कॉलेज और पराग फैक्ट्री करगैना बरेली के बीच एक समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दुग्ध एवं पशुपालन धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन से हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बरेली कॉलेज के प्रो. ओपी राय ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह दिन महाविद्यालय के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस समझौता पत्र हस्ताक्षर कार्यक्रम में 1973 में बरेली कॉलेज के छात्र रहे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद हैं।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. राजीव यादव ने बताया कि यह समझौता शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु स्थापित करेगा और छात्रों को उनके वास्तविक कार्य क्षेत्र से जोड़ने में मदद करेगा। पराग डेरी के महाप्रबंधक मनीष कुमार सिंह ने कहा कि यह विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश के छात्रों के लिए लाभकारी साबित होगा, जो औद्योगिक प्रशिक्षण, फील्ड विजिट और लाइव प्रोजेक्ट करना चाहते हैं।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरेली कॉलेज उनकी कर्मस्थली रही है और वह इसके विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इस एमओयू में उनकी भागीदारी उन्हें अत्यंत प्रसन्नता प्रदान कर रही है क्योंकि यह सीधे छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पराग डेरी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ सहयोग से छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, स्वरोजगार और डेयरी उद्यमिता की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा, और युवा सशक्तिकरण व क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं और अनुदानों की जानकारी भी छात्रों को दी। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रकट करते हुए बरेली कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Also Read
View All

अगली खबर