
बरेली। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने 13 नवंबर को ग्राम लभारी के जंगल में पशु काटने की घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, रात मीरगंज थाना पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लभारी के जंगल में कुछ लोग गोकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए।
पुलिस मुठभेड़ में ग्राम मंकरा निवासी नन्हे उर्फ मतिया (45) पुत्र तुलन के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं, आसिफ कुरेशी (38) पुत्र इस्माइल कुरेशी के दाहिने पैर में गोली लगी। आसिफ मूल रूप से मीरगंज के मोहल्ला अफसरयान का निवासी है और वर्तमान में रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र स्थित इस्लामनगर में रह रहा था। पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों अशरफ (48) पुत्र अक्सर, शेर सिंह (35) पुत्र जमुना प्रसाद और आसन शाह (58) पुत्र रौनक शाह को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मंकरा के निवासी हैं। घायल नन्हे और आसिफ को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है। मौके से गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद हथियारों और उपकरणों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने 13 नवंबर 2026 को ग्राम लभारी के जंगल में पशु काटने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस घटना के संबंध में मीरगंज थाने में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 545/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही गिरफ्तार पांचों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों की पूर्व में हुई पशु क्रूरता संबंधी घटनाओं में कोई संलिप्तता रही है या नहीं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।