
युवक की हत्या के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
बरेली। जिले के आंवला थाना क्षेत्र में 25 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
घटना रविवार, 15 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे की है। आंवला कस्बे के मोहल्ला फूटा दरवाजा निवासी 22 वर्षीय अकरम अपने पिता अशरफ अली (55) के साथ ग्राम अलीनगर स्थित फार्म हाउस से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। इसी दौरान कस्बे में अमरूद की बगिया के पास पहले से मौजूद हमलावरों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली अकरम के सिर में लगी, जबकि उसके पिता अशरफ के हाथ और शरीर में छर्रे लगने से वह भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही आंवला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अकरम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया, जहां सोमवार, 16 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी तौफीक कुरैशी ने पूछताछ में बताया कि उसने अकरम से करीब 25 लाख रुपये के भैंस के पड़वे खरीदे थे। इस सौदे की रकम अकरम को चुकानी थी, लेकिन वह रुपये नहीं देना चाहता था। पुलिस का दावा है कि इसी रकम से बचने के लिए तौफीक ने अपने साथी अशफाक उर्फ चौड़ा और विकास यादव के साथ मिलकर अकरम की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत रविवार रात तीनों ने अकरम और उसके पिता की मोटरसाइकिल रोककर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना के संबंध में मृतक के पिता अशरफ अली की तहरीर पर पुलिस ने तौफीक और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या एवं हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान अशफाक और विकास यादव के नाम सामने आए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। सोमवार को आंवला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोलीकांड के आरोपी बंजरिया के जंगल में सिद्ध मंडी मंदिर के पास एक खेत में बनी ट्यूबवेल की कोठरी के निकट छिपे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह के दाहिने बाजू और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाएं बाजू को गोली छूकर निकल गई। दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तौफीक कुरैशी के दोनों पैरों में घुटनों के आसपास और अशफाक उर्फ चौड़ा के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। दोनों घायल होकर खेत में गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी विकास यादव झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौफीक कुरैशी (23) निवासी मोहल्ला कच्चा कटरा और अशफाक उर्फ चौड़ा (20) निवासी मोहल्ला ताड़गंज, कस्बा आंवला के रूप में की है। दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP25CV0988 भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दी है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी आंवला भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर थाना आंवला में मुकदमा संख्या 597/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियारों की बरामदगी के मामले में मुकदमा संख्या 598/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27(ए) में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी विकास यादव निवासी यादवों वाली पुलिया, बजरिया आंवला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह कार्रवाई आंवला थाना प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश रावत, शुभम कुमार, सुमित कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
16 Nov 2026, 4:05 PM IST
Published on:
16 Nov 2026, 4:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश




