बरेली

Bareilly News: मोबाइल हैक कर डॉक्टर पत्नी की चैट पढ़ी, पति ने बैचमेट्स को धमकाया, गाली गलौज के बाद FIR

मेडिकल कॉलेज में तैनात जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर निजी जिंदगी में दखल देना शुरू कर दिया।

2 min read
May 07, 2026

भोजीपुरा। मेडिकल कॉलेज में तैनात जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर निजी जिंदगी में दखल देना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, पति ने उसके बैचमेट्स और रिश्तेदारों को फोन कर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और लगातार मानसिक उत्पीड़न किया। मामले के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज से लेकर पुलिस महकमे तक चर्चा तेज हो गई है।

भोजीपुरा थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर सुधा एस का अपने पति अमन कुमार सिंह और ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी महाराष्ट्र के नालासोपारा अचोले थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। आरोप है कि अब पति ने मोबाइल फोन हैक कर उसकी निजी जिंदगी और संपर्कों पर नजर रखना शुरू कर दिया।

बैचमेट्स को कॉल कर दी धमकी

पीड़िता के मुताबिक 30 अप्रैल को पति ने उनके बैचमेट सिद्धार्थ को फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी गईं। यही नहीं, पीड़िता के चचेरे भाई दिव्यांश को भी कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से पीड़िता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

ननद पर भी निजी जानकारी जुटाने का आरोप

रिपोर्ट में पीड़िता ने अपनी ननद तनुश्री पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ननद उनके बैचमेट निवेदिता, अनुश्री और जयंती को मैसेज भेजकर निजी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। पीड़िता ने इसे सुनियोजित मानसिक प्रताड़ना बताया है।

मानसिक तनाव से पढ़ाई और नौकरी प्रभावित

जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर का कहना है कि लगातार हो रही धमकियों, फोन हैकिंग और मानसिक उत्पीड़न की वजह से वह अपनी पढ़ाई और डॉक्टरी के काम पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं। इससे उनकी मानसिक स्थिति और एकाग्रता पर गंभीर असर पड़ा है। भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में शांतिभंग करने के इरादे से अपमान और आपराधिक धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All