होली के मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अफसर रंग और मस्ती में सराबोर नजर आए। एडीजी रमित शर्मा के आवास पर आयोजित होली मिलन में एसएसपी अनुराग आर्य ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ पर झूमे, जबकि आईपीएस अंशिका वर्मा ने ‘लंदन ठुमका’ पर डांस कर माहौल रंगीन कर दिया। डीएम अविनाश सिंह और डीआईजी अजय साहनी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
बरेली। रंगों के त्योहार होली पर इस बार बरेली के आला अफसरों का अंदाज बिल्कुल अलग और मस्ती भरा नजर आया। एडीजी आवास पर आयोजित पुलिस कर्मियों के होली मिलन कार्यक्रम में एसएसपी अनुराग आर्य फिल्मी गाने ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ पर झूमते दिखे तो आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा लगाकर ‘लंदन ठुमका’ पर जबरदस्त डांस किया। ढोल-नगाड़ों और फिल्मी गानों के बीच अफसरों की मस्ती देखने लायक रही। पुलिसकर्मियों ने भी तालियां बजाकर माहौल को और रंगीन बना दिया।
होली की सुबह सबसे पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आवास पर अधिकारियों का जमावड़ा लगा। यहां एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे और जिलाधिकारी के साथ गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। हंसी-मजाक और रंगों के बीच यहीं से अफसरों की होली का सिलसिला शुरू हुआ।
डीएम आवास से निकलने के बाद अधिकारियों का काफिला डीआईजी अजय कुमार साहनी के आवास पहुंचा। यहां भी रंग-गुलाल उड़ाया गया और एक-दूसरे को होली की बधाई दी गई। इसके बाद कमिश्नर आवास पर भी अधिकारियों का जमावड़ा लगा, जहां होली मिलन का दौर देर तक चलता रहा।
इसके बाद सभी अधिकारी एडीजी रमित शर्मा के आवास पहुंचे, जहां पुलिस कर्मियों के लिए विशेष होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ढोल, डीजे और रंग-गुलाल के बीच पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे को रंग लगाकर जश्न मनाते नजर आए। माहौल ऐसा था कि हर तरफ रंग, संगीत और ठहाकों की गूंज सुनाई दे रही थी।
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही फिल्मी गाने बजने लगे, एसएसपी अनुराग आर्य खुद को रोक नहीं सके और डांस फ्लोर पर उतर आए। ‘चुम्मा-चुम्मा दे दे’ गाने पर उनका जोश और अंदाज देखने लायक था। कभी भांगड़ा तो कभी फिल्मी स्टेप्स के साथ उन्होंने जमकर डांस किया, जिसे देखकर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी झूम उठे।
इस दौरान आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा लगाकर ‘लंदन ठुमका’ गाने पर धमाकेदार डांस किया। उनके स्टेप्स और अंदाज ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अफसरों की मस्ती देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी डांस में शामिल हो गए।
बताया जाता है कि जब अधिकारी एडीजी रमित शर्मा के आवास पहुंचे तो वह बाहर नहीं निकले। इस पर एसएसपी अनुराग आर्य ने गाना गाकर उन्हें बाहर आने का न्योता दिया—“तुम खूब लगती हो…”। इसके बाद डीआईजी अजय साहनी ने माइक संभालते हुए कहा कि आपने होली खेलने का वादा किया था, अब बाहर आइए। थोड़ी देर बाद एडीजी बाहर आए और फिर रंग-गुलाल के साथ जश्न शुरू हो गया।
कार्यक्रम में डीएसपी संदीप ने सिर पर गिलास रखकर ‘एनिमल डांस’ किया, जिसे देखकर सभी अधिकारी और कर्मचारी ठहाके लगाते नजर आए। ढोल और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी भी जमकर थिरके और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
उधर, यूपी के कई जिलों में पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग अंदाज में होली मनाई। लखनऊ में पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर राजा के अंदाज में बग्घी पर सवार होकर निकले, जिसकी लगाम एडीसीपी जितेंद्र दुबे ने संभाली। झांसी में एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति को पुलिसकर्मियों ने कंधों पर उठाकर डांस कराया और फिर कीचड़ में पटक दिया।
आगरा, झांसी और सहारनपुर में पुलिसकर्मियों ने कपड़ा फाड़ होली खेली। कई जगह फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से रंग और पानी की बारिश कराई गई। ‘मुझको राणा जी माफ करना’ और ‘सपने में मिलती है ओ कुड़ी…’ जैसे गानों पर पुलिसकर्मी जमकर थिरकते नजर आए।
इस दौरान एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, आईपीएस अंशिका वर्मा, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया।