5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रेम की दर्दनाक कहानी का अंत… जहर खाने वाली युवती की भी मौत, दो दिन पहले प्रेमी ने लगाई थी फांसी

भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमी के फंदे से झूलने के दो दिन बाद जहर खाने वाली युवती ने भी दम तोड़ दिया। प्रेमी से शादी न हो पाने के कारण आहत युवती ने रविवार को जहर खा लिया था।

2 min read
Google source verification

बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। प्रेमी के फंदे से झूलने के दो दिन बाद जहर खाने वाली युवती ने भी दम तोड़ दिया। प्रेमी से शादी न हो पाने के कारण आहत युवती ने रविवार को जहर खा लिया था। उसका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां बुधवार शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।

मंगलवार सुबह गांव के खेत में एक पेड़ पर युवक का शव रस्सी से लटका मिला था। शव की पहचान गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल के रूप में हुई थी। सूचना मिलने पर भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिवार व ग्रामीणों से पूछताछ की। परिवार के लोग घटना को लेकर खामोश रहे, लेकिन ग्रामीणों ने बताया कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है।

कई साल से चल रहा था प्रेम संबंध

ग्रामीणों के मुताबिक कृष्णपाल और गांव की ही एक युवती के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही बिरादरी के थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों मानसिक तनाव में रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि शादी न हो पाने के कारण दोनों अवसाद में थे। तीन दिन पहले दोनों ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया था, लेकिन युवक हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। दो दिन पहले युवती ने जहर खा लिया। जब इसकी जानकारी कृष्णपाल को हुई तो उसने मंगलवार सुबह खेत में पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

अस्पताल में उपचार के दौरान युवती की मौत

जहर खाने के बाद युवती को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिन तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन बुधवार शाम उसने भी दम तोड़ दिया। बताया गया है कि युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते परिवारों के बीच सहमति बन जाती तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है। युवती की मौत की सूचना पुलिस को आधिकारिक रूप से नहीं दी गई है।