बरेली

राष्ट्रीय और अखिल भारतीय मंच पर बरेली पुलिस की वंदना का शानदार प्रदर्शन, जीते दो स्वर्ण और एक रजत पदक

बरेली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल वंदना कुमारी ने अपनी खेल प्रतिभा से पुलिस विभाग का नाम रौशन कर दिया है। यूपी-112 पर तैनात वंदना ने राष्ट्रीय और अखिल भारतीय स्तर की आर्म रेसलिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।

2 min read
Oct 28, 2025

बरेली। बरेली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल वंदना कुमारी ने अपनी खेल प्रतिभा से पुलिस विभाग का नाम रौशन कर दिया है। यूपी-112 पर तैनात वंदना ने राष्ट्रीय और अखिल भारतीय स्तर की आर्म रेसलिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।

47वीं नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2025, जो 29 से 31 अगस्त तक लुधियाना (पंजाब) में हुई, में वंदना कुमारी ने महिला 70 किलोग्राम वर्ग में लेफ्ट हैंड और राइट हैंड दोनों स्पर्धाओं में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। उनके इस प्रदर्शन ने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि की नई मिसाल पेश की, बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण भी बनकर उभरी।

20 से 24 सितंबर को करनाल (हरियाणा) में संपन्न 74वीं ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2025-26 में वंदना ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रजत पदक अपने नाम किया। इस सफलता ने पुलिस बल की खेल क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित किया। मंगलवार को एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी साउथ अशिका वर्मा ने वंदना कुमारी को उनके पदक पहनाकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि वंदना जैसे कर्मी पुलिस में नई ऊर्जा भरते हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा वंदना की यह सफलता बरेली पुलिस के लिए गर्व की बात है। वे ड्यूटी में भी सजग हैं और खेल के मैदान में भी विभाग का नाम ऊंचा कर रही हैं। एसपी साउथ अशिका वर्मा ने कहा महिला शक्ति का यह प्रदर्शन हम सभी के लिए प्रेरणा है। वंदना जैसी महिलाएं पुलिस बल में नई ऊर्जा और उत्साह लाती हैं।

वंदना की यह उपलब्धि साबित करती है कि कर्तव्य और खेल प्रतिभा दोनों को संतुलित कर सफलता हासिल की जा सकती है। बरेली पुलिस विभाग अन्य कर्मियों को भी खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता रहा है ताकि मजबूत और सशक्त पुलिस बल तैयार किया जा सके। बरेली पुलिस परिवार वंदना कुमारी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देता है।

Also Read
View All

अगली खबर