स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहीं बरेली की वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. गीतांजलि डी. सिंह को देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थान एम्स, नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।
बरेली। स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहीं बरेली की वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. गीतांजलि डी. सिंह को देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थान एम्स, नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें हेल्थ प्रोफेशनल रत्न अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उनके लंबे अनुभव, मरीजों के उपचार और व्यवहार में कुशलता , पुनर्वास चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए दिया जा रहा है।
डॉ. गीतांजलि 25 वर्षों से फिजियोथेरेपी और पुनर्वास चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने मिशन अस्पताल, बरेली में विभाग का नेतृत्व करते हुए लकवा, नसों से जुड़ी बीमारियों, बच्चों के विकास संबंधी विकार और बुजुर्गों की कमजोरी जैसी जटिल समस्याओं के उपचार में महत्वपूर्ण कार्य किया है।
डॉ. सिंह दर्द निवारण और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए कई आधुनिक उपचार पद्धतियों में दक्ष हैं। इनमें सुई चिकित्सा, मांसपेशियों की जकड़न दूर करने की तकनीक, टेपिंग, कपिंग और हाथों से किए जाने वाले विशेष उपचार शामिल हैं। फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों के लिए भी वे विशेष पुनर्वास सेवा दे रही हैं।
सिविल लाइंस स्थित उनका वेलनेस क्लिनिक आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जहां नसों, हड्डियों और खेल से जुड़ी चोटों के इलाज के साथ-साथ बुजुर्गों के लिए विशेष देखभाल की व्यवस्था है। यह केंद्र शहर में उन्नत फिजियोथेरेपी सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। डॉ. गीतांजलि सिंह कई प्रमुख चिकित्सा संस्थाओं की आजीवन सदस्य हैं और देशभर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में भाग लेकर लगातार नई तकनीकों को सीख रही हैं। उनका उद्देश्य मरीजों को बेहतर और प्रभावी इलाज उपलब्ध कराना है।
नई दिल्ली के एम्स में 9 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन के दौरान 11 या 12 अप्रैल को उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति ने उनके चयन को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण बताया है। डॉ. गीतांजलि सिंह को मिलने वाला यह सम्मान न सिर्फ उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि बरेली के लिए भी गर्व का क्षण है। उनके प्रयासों से पुनर्वास चिकित्सा के क्षेत्र में नई दिशा मिल रही है और मरीजों को बेहतर जीवन जीने का मौका मिल रहा है। फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में अब तक 10 से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। एम्स में मिलने वाला हेल्थ प्रोफेशनल रत्न अवार्ड अब तक का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित सम्मान है। डॉ. गीतांजलि सिंह ने कहा कि यह अवॉर्ड मेरे प्रोफेशनल करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है। मैं लोगों की सेवा कर उनका दर्द दूर कर सकूं। यही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।