बरेली

अनियोजित कॉलोनियों में अब बिजली लाइन का झंझट खत्म, 71.50 रुपये प्रति वर्गफुट देना होगा शुल्क

Bareilly Electricity Connection: बरेली की अनियोजित कॉलोनियों में अब बिजली कनेक्शन के लिए भारी-भरकम एस्टीमेट से राहत मिलेगी। विभाग 71.50 रुपये प्रति वर्गफीट के हिसाब से कनेक्शन देगा और खुद बिजली लाइन व ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था करेगा।
2 min read
Sep 18, 2026
bareilly unplanned colonies electricity connection 71 point 50 per sq ft
Electricity bill: बिजली बिल भुगतान (Photo Source - Patrika)

Bareilly Electricity Connection: बरेली शहर के बाहरी हिस्सों में विकसित अनियोजित कॉलोनियों में प्लॉट लेकर मकान बनवा चुके लोगों के लिए बिजली कनेक्शन को लेकर राहत की व्यवस्था शुरू की गई है। अब ऐसे लोगों को कनेक्शन के लिए लाखों रुपये का एस्टीमेट या बांस-बल्ली के सहारे बिजली पहुंचाने की जुगत नहीं करनी पड़ेगी। विद्युत विभाग खुद लाइन बिछाकर ट्रांसफॉर्मर लगवाएगा। साथ ही प्लॉट के क्षेत्रफल के आधार पर कनेक्शन दिया जाएगा।

फोटो सोर्स-Ai

₹71.50 प्रति वर्गफुट के हिसाब से देना होगा भुगतान

नई व्यवस्था के तहत बिजली कनेक्शन लेने के लिए प्रति वर्गफीट 71.50 रुपये का भुगतान करना होगा। यानी 100 वर्गफीट के प्लॉट के लिए 7,150 रुपये और 1000 वर्गफीट के प्लॉट के लिए 71,500 रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद विभाग की ओर से बिजली लाइन बिछाने और ट्रांसफॉर्मर लगाने की व्यवस्था की जाएगी।

पहले पोल और ट्रांसफार्मर की दूरी से बनता था एस्टीमेट

अनियोजित कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को अब तक बिजली कनेक्शन लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कनेक्शन के लिए आवेदन करने पर पोल और ट्रांसफॉर्मर से प्लॉट की दूरी के आधार पर एस्टीमेट तैयार किया जाता था। ट्रांसफॉर्मर के नजदीक स्थित प्लॉट के लिए कम राशि का एस्टीमेट बनता था, जबकि दूर स्थित प्लॉट के लिए यह रकम लाखों रुपये तक पहुंच जाती थी।

लाखों रुपये के एस्टीमेट से बचने को बांस-बल्ली का सहारा

भारी-भरकम एस्टीमेट बनने के कारण दूर के प्लॉट पर मकान बनाने वाले कई लोग बिजली कनेक्शन के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने की कोशिश करते थे। बांस-बल्ली के सहारे केबल खिंचवाने जैसी व्यवस्था के जरिए बिजली पहुंचाने की जुगत की जाती थी। विद्युत विभाग ने इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए अब प्लॉट के क्षेत्रफल के आधार पर कनेक्शन देने की पहल की है।

विभाग खुद बिछाएगा बिजली की लाइन

नई व्यवस्था में विद्युत विभाग संबंधित कॉलोनी में खुद बिजली की लाइन बिछवाएगा और ट्रांसफॉर्मर भी लगवाएगा। इसके लिए उपभोक्ता से प्लॉट के क्षेत्रफल के हिसाब से निर्धारित राशि ली जाएगी। इससे पोल और ट्रांसफॉर्मर की दूरी के आधार पर अलग-अलग भारी एस्टीमेट बनाने की व्यवस्था से राहत मिलेगी।

रामलली कॉलोनी और शांति विहार से शुरू हुई प्रक्रिया

डोहरा रोड स्थित रामलली कॉलोनी और शांति विहार में इस व्यवस्था के तहत 50 कनेक्शन के लिए मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। इनमें से 25 लोगों ने वर्गफीट के हिसाब से झटपट पोर्टल पर आवेदन करने के साथ भुगतान भी कर दिया है। इन दोनों कॉलोनियों से नई व्यवस्था की शुरुआत की जा रही है।

अन्य नई कॉलोनियों में भी लागू होगी व्यवस्था

अधीक्षण अभियंता नगरीय क्षेत्र ललित कुमार ने एक निजी चैनल को बताया कि नई विकसित प्राइवेट कॉलोनियों में विभाग की ओर से लाइन बिछाकर प्लॉट के हिसाब से बिजली कनेक्शन देने की शुरुआत कर दी गई है। रामलली कॉलोनी और शांति विहार से प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी तरह अन्य नई कॉलोनियों के प्रस्ताव तैयार कर71.50 रुपये प्रति वर्गफीट के हिसाब से बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे।

Updated on:
18 Sept 2026 06:34 pm
Published on:
18 Sept 2026 06:34 pm