होली के रंग अभी बाजार तक पहुंचे भी नहीं कि शहर की फिजाओं में सुरों का गुलाल घुलने लगा है। तीन अलग-अलग मंच, तीन अलग अंदाज और तीन बड़ी आवाजें… आने वाले दिनों में बरेली का हर कोना संगीत की धड़कन पर थिरकता नजर आएगा।
बरेली। होली के रंग अभी बाजार तक पहुंचे भी नहीं कि शहर की फिजाओं में सुरों का गुलाल घुलने लगा है। तीन अलग-अलग मंच, तीन अलग अंदाज और तीन बड़ी आवाजें… आने वाले दिनों में बरेली का हर कोना संगीत की धड़कन पर थिरकता नजर आएगा। सोशल मीडिया से लेकर कैंपस और क्लब तक बस एक ही चर्चा—कौन सी शाम होगी सबसे यादगार?
संगीतमय सफर की शुरुआत 24 फरवरी से होगी। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के ‘इन्वर्शिया’ में रॉकस्टार सुनिधि चौहान अपनी हाई-वोल्टेज परफॉर्मेंस से मंच को आग लगाने आ रही हैं। युवाओं में जबरदस्त क्रेज है। कैंपस के बाहर से लेकर ऑनलाइन ग्रुप्स तक टिकट की चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि उनकी एंट्री के साथ ही शाम ‘मोस्ट मेमोरेबल’ में बदल जाएगी।
संगीत का यह कारवां 28 फरवरी को नई ऊंचाई छुएगा, जब बीएल एग्रो स्टेडियम में सदाबहार गायक सोनू निगम अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। दैनिक जागरण की ओर से आयोजित इस शो को लेकर हर उम्र के लोगों में उत्सुकता है। टिकटों की बुकिंग पहले ही रफ्तार पकड़ चुकी है। आसपास के जिलों से भी संगीत प्रेमियों के आने की तैयारी है।
राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के स्थापना दिवस पर पद्मश्री कैलाश खेर अपनी रूहानी आवाज से समापन को खास बनाएंगे। ‘अल्लाह के बंदे’ और ‘तेरी दीवानी’ जैसे गीतों की गूंज शहर को सूफियाना अंदाज में डुबो देगी।
इंटरनेट मीडिया पर उत्साह चरम पर है। वाट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक पोस्ट—हर जगह इन तीन शामों की गूंज है। कहीं टिकट बुकिंग की होड़ है तो कहीं पास के लिए ‘जुगाड़’ का दौर। होली से पहले यह संगीतमय तिकड़ी शहर को रंगों से पहले रागों में सराबोर करने जा रही ha। अब बस इंतजार है पहली तालियों की गूंज का।