रंगों के त्योहार से पहले ट्रैफिक पुलिस ने शहर को राहत देने के लिए सख्त कदम उठा दिए हैं। बुधवार सुबह 10 बजे से गुरुवार रात 11 बजे तक बरेली शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बरेली। रंगों के त्योहार से पहले ट्रैफिक पुलिस ने शहर को राहत देने के लिए सख्त कदम उठा दिए हैं। बुधवार सुबह 10 बजे से गुरुवार रात 11 बजे तक बरेली शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रविवार को जारी डायवर्जन एडवाइजरी के तहत शहर के सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी हाल में भारी वाहन अंदर न आ सकें।
एसपी ट्रैफिक अकमल खान के मुताबिक डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट रहेगी, लेकिन ट्रक, डंपर और भारी मालवाहक गाड़ियों को शहर में घुसने नहीं दिया जाएगा। त्योहार के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है।
परसाखेड़ा रोड नंबर, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रजऊ परसपुर तिराहा से किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन और रोडवेज बसें अगर बदायूं की ओर जा रही हैं तो उन्हें झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास होते हुए नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा मार्ग से गुजरना होगा।
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से झुमका, बिलवा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी होकर आगे बढ़ेंगे। वहीं लखनऊ से दिल्ली जाने वाले वाहन फरीदपुर और रजऊ परसपुर तिराहा होते हुए बड़ा बाइपास पकड़ेंगे।
बदायूं और लखनऊ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें रजऊ परसपुर तिराहा से सेटेलाइट बस अड्डे तक आ सकेंगी। दिल्ली की तरफ से आने वाली बसें मिनी बाइपास, इज्जतनगर, डेलापीर और सौ फुटा पूर्वी से होकर सेटेलाइट बस अड्डा पहुंचेंगी।