बरेली

बरेली में एयरलाइंस की एयर होस्टेस की रहस्यमय मौत, घर के सोफे पर पड़ा मिला शव

सुभाषनगर के रामचंद्रपुरम इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एलाइंस एयर में कार्यरत एयर होस्टेस अपने घर में मृत मिली।

2 min read
May 04, 2026

बरेली। सुभाषनगर के रामचंद्रपुरम इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एलाइंस एयर में कार्यरत एयर होस्टेस अपने घर में मृत मिली। 32 वर्षीय भानु प्रिया शनिवार रात दिल्ली से घर लौटी थी। सुबह परिजनों ने जगाने की कोशिश की तो वह मृत पाई गई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।

रात को आई, सोफे पर सोई… सुबह नहीं उठी

भानु प्रिया शनिवार रात करीब आठ बजे दिल्ली से घर पहुंची थी। खाना खाने के बाद वह सोफे पर ही सो गई। रविवार सुबह करीब सात बजे जब परिजनों ने उसे उठाने की कोशिश की, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना पर इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।

गुवाहाटी ट्रांसफर बना तनाव की वजह

इंस्पेक्टर सतीश कुमार के मुताबिक भानु प्रिया इन दिनों तनाव में थी। उसका ट्रांसफर गुवाहाटी किया जा रहा था। कंपनी की ओर से स्पष्ट कर दिया गया था कि ट्रांसफर नहीं लेने पर नौकरी छोड़नी पड़ेगी। इस कारण वह मानसिक दबाव में थी।

अंतिम कॉल सहकर्मी को, ओवरडोज की आशंका

पुलिस के अनुसार, भानु प्रिया ने शनिवार रात अपनी एक सहकर्मी को अंतिम कॉल किया था। उससे भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में नींद की दवा के ओवरडोज की आशंका जताई गई है, हालांकि पुष्टि विसरा रिपोर्ट के बाद ही होगी।

मौसी के साथ रहती थी, माता-पिता का हो चुका है निधन

भानु प्रिया के पिता का 2022 और मां का 2024 में निधन हो चुका है। वह अपनी मौसी बिंदु देवी और दो मौसेरे भाइयों के साथ रह रही थी। मकान उसकी मां के नाम था, जिसकी वसीयत भानु प्रिया और उसके मौसेरे भाई के नाम बताई गई है। इंस्पेक्टर सुभाषनगर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

Also Read
View All