3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इतिहास से छेड़छाड़ कर सिखों को बांटने की साजिश, भाजपा पर सपा राष्ट्रीय सचिव का तीखा हमला, बोले- 2027 में मिलेगा करारा और निर्णायक जवाब

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लन ने भाजपा पर सिखों का इतिहास तोड़-मरोड़कर पेश करने और समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया।

2 min read
Google source verification

बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लन ने भाजपा पर सिखों का इतिहास तोड़-मरोड़कर पेश करने और समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिख समाज अब भाजपा की फूट डालो, राज करो नीति को समझ चुका है और इसका जवाब 2027 के चुनाव में देगा।

पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में भुल्लन ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह को बचाने में मुस्लिम महापुरुषों की अहम भूमिका रही, लेकिन भाजपा इसे गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने गनी और नबी खान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने गुरु साहब की जान बचाई थी। साथ ही पीर बुद्ध शाह द्वारा अपने बेटों और भतीजे की कुर्बानी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरणों को नजरअंदाज कर सिखों को मुस्लिमों के खिलाफ भड़काने की कोशिश की जा रही है।

तराई में सिख किसानों का मुद्दा उठाया

भुल्लन ने लखीमपुर खीरी और पीलीभीत के तराई क्षेत्र में सिख किसानों के जमीन के अधिकारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंटवारे के बाद सिख परिवारों को यूपी लाकर बसाया गया था, जिन्होंने बंजर जमीन को मेहनत से उपजाऊ बनाया। अब उन्हीं से जमीन का मालिकाना हक छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कैबिनेट में हक दिलाने का दावा तो किया, लेकिन हकीकत में 50 एकड़ जमीन छीन ली गई और हजारों एकड़ पर खतरा मंडरा रहा है। सपा नेता ने महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम और खाद की किल्लत को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव में हार के डर से उन्हें टाल रही है।

2027 में सपा सरकार का दावा

भुल्लन ने छह जून को लखनऊ में प्रस्तावित सिख सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में सिख समाज करीब 50 सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) के साथ मिलकर सपा सरकार बनाएगी। प्रेसवार्ता के दौरान सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, डॉ. अनीस बेग, अशोक यादव, प्रमोद बिष्ट और ब्रजेश श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।