
बरेली। रविवार की दोपहर मीरगंज थाना क्षेत्र का गांव तिलमास उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा, जब तालाब में नहाने गए चार बच्चों में से तीन की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया, वहीं तीन घरों के चिराग बुझने से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना रविवार करीब तीन बजे की है। गांव तिलमास निवासी 10 वर्षीय त्रिवेंद्र (पुत्र चरण सिंह यादव), 9 वर्षीय आयुष (पुत्र जियालाल कश्यप) और 8 वर्षीय अंश (पुत्र सुरेंद्र पाल गंगवार अपने साथियों के साथ गांव के तालाब पर नहाने गए थे। भीषण गर्मी के बीच बच्चों का तालाब की ओर जाना आम बात थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मस्ती उनकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएगी। नहाने के दौरान अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तालाब में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने त्रिवेंद्र, आयुष और अंश को मृत घोषित कर दिया। चौथे किशोर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया। मृतकों के घरों से उठ रही चीखें हर किसी का दिल दहला रही थीं। मां-बाप बदहवास हैं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ सन्नाटा और गम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को अकेले जलाशयों के पास न जाने दें और इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता बरतें।
Updated on:
03 May 2026 06:31 pm
Published on:
03 May 2026 06:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
