
बरेली। प्यार से शुरू हुई एक शादी महज ढाई महीने में ही मौत की कहानी बन गई। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता शालिनी का शव घर में संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
बिहारीपुर वाल्मीकि मंदिर के पास रहने वाले शालू ने बताया कि उसकी बहन शालिनी ने 19 फरवरी को अक्षय से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर शालिनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के मुताबिक, 2 मई की सुबह करीब आठ बजे शालिनी ने अपने भाई को फोन किया। वह रो रही थी और बार-बार कह रही थी कि उसे मायके नहीं जाने दिया जा रहा है और उसकी जान को खतरा है। इस कॉल के बाद परिवार बेचैन हो उठा, लेकिन कुछ घंटों बाद जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया। शनिवार रात को शालिनी के पति अक्षय ने शालू को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और वह कुछ बोल नहीं रही। शालू जब घर पहुंचा तो शालिनी मृत अवस्था में पड़ी थी। बहन का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति अक्षय, सास गीता, आकाश, अमन और अन्य अज्ञात के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। परिजन इसे सीधी हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Updated on:
03 May 2026 11:43 am
Published on:
03 May 2026 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
