5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे, क्रिकेट खेलते-खेलते भड़का माहौल, 14 पर एफआईआर

कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में रविवार को क्रिकेट खेल रहे कुछ लड़कों ने अचानक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते बाजार में सनसनी फैल गई। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो मामला बहस से होते हुए हाथापाई तक जा पहुंचा।

2 min read
Google source verification

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में रविवार को क्रिकेट खेल रहे कुछ लड़कों ने अचानक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते बाजार में सनसनी फैल गई। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो मामला बहस से होते हुए हाथापाई तक जा पहुंचा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में चर्चा तेज हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक सड़क किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने साथी कासिफ का नाम लेकर पाकिस्तान समर्थित नारे लगाना शुरू कर दिया। अचानक गूंजे इन नारों से आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर सन्न रह गए। कुछ देर के लिए पूरा इलाका तनाव में डूब गया।

टोकने पर भिड़े युवक, सड़क पर हंगामे का माहौल

मौके पर मौजूद लोगों ने जब इन युवकों को टोका और ऐसा न करने को कहा तो वे उल्टा भड़क गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। सड़क पर हंगामे जैसे हालात बन गए और लोग इकट्ठा हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक बाइकों पर सवार होकर बाजार में घूमते हुए पाकिस्तान समर्थित नारे लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा और भी बढ़ गया है।

CCTV ने खोला राज, 14 आरोपी चिन्हित

शिकायत मिलते ही कैंट थाने की पुलिस हरकत में आई। इंस्पेक्टर संजय धीर मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में पूरी घटना कैद मिली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई। विकास नाम के युवक की तहरीर पर 14 लड़कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी कीमत पर ऐसे मामलों में ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नामजद और चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे और कानून अपना काम करेगा।