4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भरभराकर गिरी पानी की टंकी, मलबे में पांच लोग दबे, चार की हालत नाजुक, भ्रष्ट निर्माण पर भड़के ग्रामीण

आंवला तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की सरदार नगर ग्राम पंचायत में बना पानी का ओवरहेड टैंक अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

2 min read
Google source verification

बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की सरदार नगर ग्राम पंचायत में बना पानी का ओवरहेड टैंक अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ गिरी इस टंकी के मलबे में कई लोग दब गए। हादसे में पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।

मलबे में दबे लोगों को ग्रामीणों ने निकाला, अस्पताल में भर्ती

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में डोरीलाल, अर्जुन, वीरपाल, रविंद्र और ननकू उर्फ वेदपाल शामिल हैं। इनमें से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया।

टंकी के पास बैठे थे ग्रामीण, अचानक हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि सभी घायल लोग सोमवार शाम टंकी के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक ओवरहेड टैंक भरभराकर गिर गया और लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और राहत कार्य में जुट गए।

घटिया निर्माण का आरोप, बारिश में धंसे पिलर

ग्रामीणों ने इस हादसे के पीछे सीधे तौर पर घटिया निर्माण को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि टंकी के निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण टंकी के पिलर कमजोर होकर धंस गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

भ्रष्टाचार की खुली पोल, जांच की उठी मांग

इस घटना के बाद सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके और भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।