बरेली

DM की मौजूदगी में रिश्वत का खेल, समाधान दिवस बना घोटाले का मैदान, 10 हजार लेते मत्स्य निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

जहां एक तरफ अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर उसी तहसील परिसर में रिश्वतखोरी का खुला खेल चल रहा था। तिलहर तहसील में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ के दौरान ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल को बरेली की भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
2 min read
Mar 23, 2026
Feature image

शाहजहांपुर। जहां एक तरफ अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करने में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर उसी तहसील परिसर में रिश्वतखोरी का खुला खेल चल रहा था। तिलहर तहसील में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ के दौरान ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल को बरेली की भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह खुद सभागार में मौजूद थे।

सोमवार को तिलहर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित था। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह अधिकारियों के साथ लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच तहसील गेट के बाहर रिश्वतखोरी का खेल चल रहा था, जिसकी भनक भ्रष्टाचार निवारण संगठन को पहले ही लग चुकी थी।

एक लाख की मांग, 10 हजार पर हुआ ट्रैप

पुवायां क्षेत्र के सदापुर गांव निवासी राजेश कुमार ने मत्स्य विभाग में समिति पंजीकरण के लिए दिसंबर में ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल लगातार फाइल को लटकाकर उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। परेशान होकर राजेश ने बरेली स्थित भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की, जिसके बाद जाल बिछाया गया।

योजना के तहत सोमवार को राजेश कुमार 10 हजार रुपये लेकर टीम के साथ तिलहर तहसील पहुंचे। फोन करने पर पूरनलाल खुद तहसील गेट पर आया। जैसे ही उसने पैसे लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।

तहसील में हड़कंप, आरोपी को कटरा थाने ले जाया गया

कार्रवाई होते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी पूरनलाल को तुरंत हिरासत में लेकर कटरा थाने ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डीएम खुद समाधान दिवस में मौजूद थे, तब भी तहसील परिसर में रिश्वत का खेल कैसे चलता रहा। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read
View All
लोधी की ताजपोशी से ही शुरू हुई BJP में नई गुटबाजी; बरेली शहर होर्डिंगों से पटा, क्षेत्रीय अध्यक्ष से ज्यादा प्रदेश उपाध्यक्ष के पोस्टर की चर्चा

NEET री-एग्जाम के दौरान छात्रा बेहोश, परीक्षा केंद्र से अस्पताल पहुंचाया गया; हालत स्थिर

UP पुलिस का बर्खास्त सिपाही पत्नी के साथ मिलकर चलाता था अपराध का गिरोह, बरेली पुलिस ने जाल बिछाकर 3 को दबोचा

बरेली में आर्मी यूनिफॉर्म के साथ पकड़ा गया अरबाज, अब खरीदारों और सप्लायरों की कुंडली खंगाल रही पुलिस

पीलीभीत का कय्यूम बरेली में चला रहा था अवैध हथियारों का कारोबार, पुलिस ने किया गिरफ्तार, मकान मालिक भी रडार पर