बरेली

नवरात्रि में कुट्टू का आटा पड़ा भारी… कचौड़ी खाते ही एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती

नवरात्रि के व्रत के बीच कुट्टू के आटे से बना खाना एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। गंगानगर कॉलोनी में व्रत के लिए बनाई गई कचौड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्य अचानक बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
less than 1 minute read
Mar 20, 2026
Feature image

बरेली। नवरात्रि के व्रत के बीच कुट्टू के आटे से बना खाना एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। गंगानगर कॉलोनी में व्रत के लिए बनाई गई कचौड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्य अचानक बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

परिवार ने पास की किराना दुकान से कुटू का आटा खरीदा था। उसी आटे से कचौड़ी और आलू की सब्जी तैयार की गई। जैसे ही सभी ने खाना खाया, करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही हालत बिगड़ने लगी। एक-एक कर सभी को उल्टी, चक्कर और घबराहट होने लगी। अचानक तबीयत बिगड़ने से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन घबरा गए और बिना देरी किए सभी बीमारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, जिससे समय रहते स्थिति संभाल ली गई।

डॉक्टरों का खुलासा: फूड प्वाइजनिंग का मामला

डॉक्टरों की शुरुआती जांच में इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, कुटू का आटा या तो मिलावटी था या फिर खराब हो चुका था, जिससे यह गंभीर स्थिति बनी। नवरात्रि के दौरान कुटू के आटे से जुड़ी ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कुटू का आटा ज्यादा समय तक रखने पर जल्दी खराब हो जाता है और उसमें बैक्टीरिया या फंगस पनप सकते हैं।

सावधान रहें: व्रत के खाने में न करें लापरवाही

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि व्रत के दौरान कुटू का आटा हमेशा ताजा खरीदें और ज्यादा दिनों तक स्टोर न करें। पैकेट की एक्सपायरी और गुणवत्ता जरूर जांचें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग व्रत के खाने को लेकर सतर्क हो गए हैं।

Updated on:
20 Mar 2026 04:09 pm
Published on:
20 Mar 2026 04:09 pm