शहर की सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा जमाकर बैठे अतिक्रमणकारियों पर शनिवार को नगर निगम ने बड़ा प्रहार किया। नगर आयुक्त के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में मिनी बाइपास और किला क्षेत्र में बुलडोजर गरजा, अवैध कब्जे हटाए गए और मौके पर ही 70 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
बरेली। शहर की सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा जमाकर बैठे अतिक्रमणकारियों पर शनिवार को नगर निगम ने बड़ा प्रहार किया। नगर आयुक्त के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में मिनी बाइपास और किला क्षेत्र में बुलडोजर गरजा, अवैध कब्जे हटाए गए और मौके पर ही 70 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की टीम ने सबसे पहले मिनी बाइपास रोड पर कार्रवाई की, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई पांच ट्रॉली रेता और बजरी को जब्त कर लिया गया। इसके बाद टीम किला क्षेत्र पहुंची, जहां फुटपाथ पर दुकानें सजाकर बैठे लोगों का सामान कब्जे से हटाया गया।
औचक कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। कई जगहों पर कब्जाधारियों ने टीम का विरोध करते हुए कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की, लेकिन प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें मौके से खदेड़ दिया और अभियान जारी रखा। नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों से कुल 70,000 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही थी। आम लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने साफ कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नगर निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों और फुटपाथों पर सामान न रखें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।