5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बड़ा बाइपास पर भीषण हादसा: खड़े टैंकर से टकराई बोलेरो, पीछे से बाइक भिड़ी, पांच की मौत, बच्चों समेत तीन घायल

सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम बड़ा बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

2 min read
Google source verification

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम बड़ा बाइपास पर दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

टैंकर से टकराई बोलेरो, पीछे से बाइक घुसी

परधौली तिराहे के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच रामपुर की ओर जा रही बोलेरो कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक भी बोलेरो में जा घुसी, जिससे हादसा और भयावह हो गया।

मौके पर मची चीख-पुकार, पांच की गई जान

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने बाइक सवार दो युवकों और बोलेरो में सवार तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान, घायलों में बच्चे भी शामिल

बाइक सवार मृतकों की पहचान सीबीगंज के अटा कायस्थान निवासी मुमताज और शहजाद के रूप में हुई है। वहीं बोलेरो सवार मृतकों में फरीदपुर निवासी मनमोहन और बीसलपुर (पीलीभीत) निवासी दुर्गेश शामिल हैं। एक मृतक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे में घायल तीन लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

पहले से खड़ा था दुर्घटनाग्रस्त टैंकर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार को इसी स्थान पर शीरे से भरे टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हुई थी। इसके बाद से क्षतिग्रस्त टैंकर सड़क किनारे खड़ा था। आशंका है कि उसी टैंकर के कारण यह दूसरा बड़ा हादसा हुआ।

जांच में जुटी पुलिस, एसपी सिटी ने दी जानकारी

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।