बरेली

लाल निशान मिटाने वालों पर टूटा बुलडोजर का कहर, कोहाड़ापीर में ध्वस्तीकरण से मची अफरा-तफरी, अवैध दुकानें जमींदोज

शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने अवैध दुकानों पर बुलडोजर चला दिया गया।

less than 1 minute read
Apr 07, 2026

बरेली। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त तेवर दिखा दिए हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने अवैध दुकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। निगम की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में खलबली फैल गई।

नगर निगम ने जिन दुकानों को पहले ही चिन्हित कर लाल निशान लगाए थे, वहां कुछ दुकानदारों ने निशान मिटा दिए थे। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम ने सबसे पहले इन्हीं दुकानों को निशाना बनाया और दो बुलडोजरों से ध्वस्तीकरण कर दिया। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि सरकारी निशान से छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम ग्रीन रोड योजना के तहत बड़ी कार्रवाई

सीएम ग्रिड योजना (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) के दूसरे चरण में इस अभियान को अंजाम दिया जा रहा है। करीब 50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। मंगलवार को मजार के पास अवैध दुकानों को गिराकर इस कार्रवाई की शुरुआत कर दी गई।

पुलिस की मौजूदगी में चला अभियान

ध्वस्तीकरण के दौरान किसी तरह का विरोध न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई। नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ी की जाएगी, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। नगर निगम ने साफ चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने या सरकारी निशान से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।

Also Read
View All