बरेली

बरेली में सर्राफा व्यापारियों ने बनाई अपनी नई ताकत, नए संगठन की हुई शुरुआत, अब एकजुट होकर उठेगी आवाज

शहर के सर्राफा व्यापारियों ने अब अपनी आवाज को मजबूती देने के लिए एकजुट कदम उठाया है। गुरुवार को सिविल लाइंस जंक्शन रोड स्थित होटल डी ग्रैंड में हुई बैठक और प्रेस वार्ता में यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) के गठन की घोषणा की गई। संगठन बनने से व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला।
2 min read
Jan 29, 2026
Feature image

बरेली। शहर के सर्राफा व्यापारियों ने अब अपनी आवाज को मजबूती देने के लिए एकजुट कदम उठाया है। गुरुवार को सिविल लाइंस जंक्शन रोड स्थित होटल डी ग्रैंड में हुई बैठक और प्रेस वार्ता में यू.पी. सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) के गठन की घोषणा की गई। संगठन बनने से व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला।

सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि सोने-चांदी के भावों में रोजाना उतार-चढ़ाव, गिरवी रखे गहनों को लेकर परेशानी, चोरी-डकैती का डर, धारा 411 और बीएनएस की धारा 317 जैसी कानूनी उलझनें, गहनों की शुद्धता और सरकारी योजनाओं की जानकारी न होना बड़ी समस्याएं हैं। नया संगठन इन मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाएगा।

ये बने संगठन के पदाधिकारी

बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
संरक्षक बनाए गए प्रताप चंट शेठ, प्रेम प्रकाश अग्रवाल और विनीत रस्तोगी।
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अनिल पाटिल को दी गई।
मंडल अध्यक्ष बने विशाल मेहरोत्रा।
जिला अध्यक्ष के रूप में सुशील बंसल को चुना गया।
महानगर अध्यक्ष बनाए गए संजीव अग्रवाल (पूर्व पार्षद)।
जिला प्रभारी की जिम्मेदारी रामनारायण गुप्ता को सौंपी गई।
इसके अलावा अलग-अलग इलाकों के लिए अन्य पदाधिकारी भी बनाए गए।

अब व्यापारी अकेला नहीं रहेगा

प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल ने कहा कि अब सर्राफा व्यापारी अकेला नहीं रहेगा, संगठन हर परेशानी में उसके साथ खड़ा रहेगा। मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि संगठन का मकसद व्यापारियों की सुरक्षा और आपसी एकजुटता को मजबूत करना है। जिला अध्यक्ष सुशील बंसल ने सभी व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ने की बात कही। महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने सोने-चांदी के बढ़ते दामों से हो रही दिक्कतों पर चिंता जताई। जिला प्रभारी रामनारायण गुप्ता ने गांव-कस्बों के व्यापारियों को भी संगठन से जोड़ने का भरोसा दिलाया।

बड़ी संख्या में पहुंचे सर्राफा व्यापारी

बैठक में शहर और आसपास के इलाकों से सैकड़ों सर्राफा व्यापारी पहुंचे। सभी ने संगठन बनने पर खुशी जताई और इसे सर्राफा कारोबार के लिए नई शुरुआत बताया। व्यापारियों को उम्मीद है कि नए संगठन से बरेली का सर्राफा कारोबार मजबूत होगा और उनकी समस्याओं का समाधान आसान हो सकेगा।