दो जुलाई से 31 जुलाई को विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह के रूप में मनाया जाएगा।
बरेली। जापानी इन्सैफलाइटिस रोग से बचाव व रोकथाम के लिए दो जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जायेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण माह में चिकित्सा, नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, दिव्यांगन जन आदि सम्मिलित रुप से कार्य करेंगे।
कौन क्या करेगा
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग को नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि पंचायती राज विभाग ग्रामों में बेहतर सफाई, जल भराव रोकने, डीडीटी के छिड़काव व ग्रामों में जागरुकता के कार्य करेगा। पशुपालन विभाग, पोल्ट्रीफार्म में कीटनाशक के छिड़काव, कचरा नियंत्रण आदि कार्य करेगा। नगर निगम नाली-नालियों की सफाई, कीटनाशक छिड़काव, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण आदि कार्य करेगा। कृषि विभाग खेतों मे जलभराव रोकने, झाड़ियो को काटने आदि कार्य करेगा। शिक्षा विभाग स्कूलों में कक्षा लगाकर बच्चों को वेक्टर जनित रोगों की जानकारी उनसे बचाव व निदान की जानकारी देगा तथा रैली आदि माध्यम से प्रचार करेगा। जिलाधिकारी ने समस्त विभागो को निर्देशित किया कि अपनी-अपनी कार्ययोजना बनाकर माह मे करने वाले कार्यो को लक्षित कर के और पाक्षिक रुप से उसकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
38 जिलों में चलेगा अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जनपद में जापानी इन्सैफलाइटिस का कोई केस नहीं पाया गया है। प्रदेश के 38 जनपदों मे यह संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है। जिसमें बरेली भी है। यह रोग एक से 15 वर्ष के आयु वर्ग को प्रभावित करते है।
प्रचार प्रसार पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी सत्येन्द्र कमार ने शासन से प्राप्त विभिन्न विभागीय कार्यवाहियों को बताते हुये उन पर दो दिन में माइक्रोप्लान तैयार कर मांगा है। इस रोग के लक्षणों, इससे बचाव व निदान का व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। जनपद के समस्त सीएचसी/पीएचसी पर पर्याप्त मात्रा के आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिये गये है। संचारी रोग नियंत्रण माह में जनजागरुकता बढाने हेतु खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकों की विशेष भूमिका निर्धारित की गई है।