बरेली

घर बैठे बिजली का बिल जमा कराएगा ऊर्जा मित्र एप, जानिए और क्या हैं खूबियां!

ऊर्जा मित्र एप को एंड्रॉयड मोबाइल फोन के प्ले स्टोर पर जाकर आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
2 min read
• •
Updated: 2 May 2018, 3:08 PM IST
app
app

बरेली। बिजली कटौती के सम्बंध में जानकारी करने के लिए अब आपको बिजली विभाग के दफ्तर में फोन मिलाने की जरूरत नहीं है, बल्कि ऊर्जा मित्र एप के माध्यम से आपको बिजली से सम्बंधित तमाम जानकारियां उपलब्ध हो जाएंगी । कमिश्नर पीवी जगमोहन ने मंगलवार को भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की पहल पर जिले में ऊर्जा मित्र एप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस एप को एंड्रॉयड मोबाइल फोन के प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है ।

अपना नम्बर रजिस्टर्ड कराएं उपभोक्ता
कमिश्नर ने कहा कि ऊर्जा मित्र एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली कटौती के वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उपभोक्ताओं को एसएमएस भी मिलेगा। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता बरेली शहर या देश के किसी भी भाग की विद्युत कटौती की जानकारी कर सकता है । बरेली शहर में करीब एक लाख 78 हजार उपभोक्ता हैं। इनमे से 72 हजार उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बिलिंग डाटा में पंजीकृत हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वह अपने नंबर बिलिंग डाटा में पंजीकृत करा लें ।

मोबाइल पर मिलेगी जानकारी
इस एप्लीकेशन की मदद से लोग घर बैठे बिजली का बिल जमा कर सकेंगे । साथ ही इसके जरिए बिजली कटौती, उसके कारण और कितनी देर में बिजली आपूर्ति बहाल होगी, इन सभी बातों की जानकारी उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल पर ही मिल जाएगी । इस बारे में चीफ इंजीनियर अंशुल अग्रवाल का कहना है कि ऊर्जा मित्र एप शहरी लोगों के लिए काफी मददगार सिद्ध होगा। इसके जरिए जहां बिल जमा करने के लिए उन्हें सहूलियत मिलेगी, वहीं लोकल फॉल्ट, रोस्टरिंग आदि की जानकारी भी मिल जाएगी।

Published on: