बरेली

पार्षद अगर कर लेंगे ये काम तो प्रदेश में होगा उनका नाम

सबसे साफ़ सुथरे वार्ड को मिलेगा इनाम
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2018, 6:46 PM IST
Clean Ward Competition will be organized under Swachh Bharat Mission
पार्षद अगर कर लेंगे ये काम तो प्रदेश में होगा उनका नाम

बरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश भर में सफाई अभियान चल रहा है। सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार तरह -तरह के कार्यक्रमों का भी आयोजन कर रही है। इस मिशन के तहत ही सरकार स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा का आयोजन करने जा रही है। 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक के बीच स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा का आयोजन प्रत्येक वार्ड में किया जाएगा । जिसमें सबसे ज्यादा साफ-सुथरे वार्डां को चयनित कर उस क्षेत्र के पार्षदों को 23 व 25 दिसम्बर को जनपद व राज्य स्तर पर सम्मानित किया जायेगा।

कार्यशाला का हुआ आयोजन

महापौर उमेश गौतम व डिप्टी डायरेक्टर स्थानीय निकाय उ0प्र0 शासन राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा/स्वच्छ सर्वेक्षण कार्यशाला का आयोजन आईएमए हाल में हुआ। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि स्वच्छता के प्रति सभी लोग अपने मन में यह ठान लें कि अपने क्षेत्र व वार्ड को स्वच्छ रखना है, तो अवश्य ही अपना जनपद स्वच्छ होगा। उन्होने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि भारत सरकार ने विशेष ध्यान देकर स्वच्छता पर कार्य किया है। उन्होने कहा कि सबसे पहले हमें अपने को बदलते हुये कूड़े को खुले में, नाली सड़कों आदि में नहीं फेंकना है। ऐसा कर बहुत सी बीमारियों से बचा जा सकता है और धन की भी बचत होगी। उन्होने कहा कि मन्दिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, गिरिजाघरों के बाहर एक कूड़ादान रखा जाये। उन्होने कहा कि स्वच्छता के प्रति एक जन आन्दोलन छेड़कर और माहौल बनाकर बरेली जनपद को स्वच्छ बनाकर प्रथम स्थान पर लाना है।

सबसे साफ़ वार्ड होंगे सम्मानित

डिप्टी डायरेक्टर राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि स्वच्छ वातावरण तभी सम्भव होगा जब गन्दगी दूर होगी इसलिए सभी वार्ड में 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर 2018 तक के बीच में प्रतिस्पर्धा का अभियान चलाया जा रहा है। जो सबसे ज्यादा साफ-सुथरा वार्ड होगा उन सभी वार्डों को जनपद स्तर और प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जायेगा इसलिये सभी पार्षद इस प्रतिस्पर्धा में पूर्ण रुप से ध्यान देकर अपने-अपने वार्डों को साफ रखे। जब भी बाहर की टीम आयेगी वार्डो की साफ-सफाई देखेगी उसकी जांच में जो अंक मिलेगा वो अंक सम्मानित करने में जुडेगें। सभी पार्षद प्रतिस्पर्धा अभियान को सफल बनायें और अपनी बरेली को स्वच्छता में प्रथम स्थान पर लाये।

पार्षदों को दिए टिप्स

नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने पार्षदो से कहा कि वो अपने-अपने क्षेत्र में कूड़ेदान रखवाये। उन्होने कहा कि सफाई को लेकर देश में एक क्रांति आयी है। उन्होने कहा कि स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा 2018 मार्गदर्शक पुस्तिका को सभी पार्षद पढ़कर नियमानुसार कार्य करें। उन्होने कहा कि डोर टू डोर सफाई कराये और यदि कोई सफाई कर्मी कूड़ा लेने नही आता है तो उसकी सूचना दें उस पर कार्यवाही की जायेगी।

Published on: