
बरेली। जिले के ग्रामीण इलाकों में कच्छा बनियान गिरोह का आतंक बढ़ता ही जा रहा है।एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलते हुए फतेहगंजपूर्वी इलाके में डकैती की घटना को अंजाम दे डाला। देर रात करीब आधा दर्जन बदमाश व्यापारी अनवीर शर्मा के घर मे सीढ़ी लगाकर दाखिल हुए और परिजनों को बंधक बना कर करीब एक लाख का माल लूट कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गयी। जिसके बाद मौके पर एसएसपी जोगेन्द्र कुमार पहुँचे और बदमाशों की तलाश की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नही लगा।
फतेहगंज पूर्वी की लेखपाल कॉलोनी के रहने वाले अनवीर शर्मा के घर शनिवार रात आधा दर्जन कच्छा बनियान धारी बदमाश सीढी लगाकर घुस गए और परिवार के सदस्यों को असलहों और डंडो की मदद से बंधक बना लिया और कुंडल,मंगलसूत्र,नगदी,मोबाइल,कपड़े आदि लूट कर फरार हो गए। लुटेरों के जाने के बाद अनवीर शर्मा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया और आनन फानन में एसएसपी जोगेन्द्र कुमार अन्य अफसरों और कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे और बदमाशों की तलाश की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नही मिला।
आठ दिन में 6 वारदात, एक हत्या
कच्छा बनियान धारी गैंग का आतंक बीते आठ दिन से जारी है सबसे पहले 17 सितम्बर को नवाबगंज में बदमाशों ने शिक्षक दम्पत्ति के घर धावा बोला था और जमकर लूटपाट की लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने शिक्षक सुभाष की हत्या कर दी थी जबकि बदमाशों के हमले में उनकी पत्नी बुरी तरह से घायल हो गई थी। इसी तरह बदमाशों ने 20 सितम्बर को देवरनिया इलाके में कहर बरपाया और नूरुद्दीन और याकूब के घर मे लूटपाट की। विरोध करने पर नूरुद्दीन और उनकी पत्नी को पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। 22 सितम्बर को भुता इलाके में बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाया और डॉ विमला देवी और माखनलाल के घर मे घुस कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।