सेवा पर्व के अवसर पर जीआईसी ऑडिटोरियम में गुरुवार को प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व और न्यू इंडिया@2047 विषयक प्रदर्शनी का फीता विधायक और पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने काटकर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं और विकसित उत्तर प्रदेश@2047 अभियान की झलक पेश की गई।
बरेली। सेवा पर्व के अवसर पर जीआईसी ऑडिटोरियम में गुरुवार को प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व और न्यू इंडिया@2047 विषयक प्रदर्शनी का फीता विधायक और पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने काटकर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं और विकसित उत्तर प्रदेश@2047 अभियान की झलक पेश की गई।
इस अवसर पर अशोक कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मेहनत और व्यक्तित्व देश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। कटारिया ने लोगों से अपील की कि वे प्रदेश और देश को विकसित बनाने में अपना योगदान दें, ताकि 2047 तक भारत एक मजबूत और विकसित देश बन सके।
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी में युवा, विद्यार्थी, महिलाएं और किसान आकर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं और विकसित उत्तर प्रदेश विजन डॉक्यूमेंट के लिए अपने सुझाव भी दे सकते हैं।
प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं को रोचक पोस्टरों और विशेष कॉर्नरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया ने बताया कि यह प्रदर्शनी 18 सितंबर से 2 अक्तूबर तक लगेगी। इसका उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और सेवा कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
इस दौरान सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला के आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम लोग भी मौजूद रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी तारीफ की।