व्हाट्सएप ग्रुप में दोनों की बहस शुरू हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि दलित छात्र ने कॉलेज पहुंच कर सवर्ण छात्रा को सबके बीच थप्पड़ जड़ दिया।
बरेली। इन दिनों सोशल मीडिया पर जातिगत आरक्षण को लेकर बहस छिड़ी हुई है। इसको लेकर आरक्षण के समर्थक और विरोधी तरह तरह की पोस्ट सोशल मीडिया पर कर रहे हैं। जातिवाद पर हुई बहस ने बरेली कॉलेज में भी बवाल करा दिया। यहां पर विधि विभाग के एक दलित छात्र ने सवर्ण वर्ग की छात्रा के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि दलित छात्र ने सवर्ण छात्रा के सबके बीच में तमाचा जड़ दिया। इसके बाद कॉलेज कैम्पस में जमकर हंगामा हो गया और कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलाकर मामले को नियंत्रित करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने छात्रा की पिटाई करने वाले छात्र को हिरासत में ले लिया है।
ऐसे हुआ बवाल
बरेली कॉलेज के एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर के छात्र छात्राओं का व्हाट्सएप पर ग्रुप बना हुआ है जिसमें काफी छात्र और छात्राएं जुड़ी हुई हैं। इस ग्रुप में रविवार को आरक्षण को लेकर बहस शुरू हुई। इस बीच एक दलित छात्र और सवर्ण वर्ग की छात्रा के बीच बहस ज्यादा बढ़ गई। सोमवार को जब छात्रा कॉलेज आई तो एक बार फिर दोनों में बहस हो गई। इसी बीच छात्र ने क्लास में सबके सामने छात्रा को तमाचा जड़ दिया जिसके बाद कॉलेज में हंगामा हो गया। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा भी मौके पर पहुंच गईं। उनके समझाने पर भी जब मामला शांत नहीं हुआ तो कॉलेज में पुलिस को बुलाना पड़ा। फिलहाल छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस से भी उलझा छात्र
छात्रा को तमाचा मारने के बाद भी छात्र के तेवर कम नहीं हुए और वो पुलिस से भी उलझ गया। छात्र को जब पुलिस ने हिरासत में लिया तो वो पुलिसकर्मियों से भी बहस करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी और उसे अपने साथ थाने ले गई। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि छात्रा ने खुद को थप्पड़ मारने की शिकायत की है। इसके बाद छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और छात्र के खिलाफ कॉलेज प्रशासन भी कार्रवाई करेगा।
सोशल मीडिया पर फैल रहा जहर
आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों तीखी बहस छिड़ी हुई है। सोशल मीडिया के यूजर व्हाट्सअप, फेसबुक जैसे प्लेटफार्म पर आरक्षण को लेकर तरह तरह की टिप्पणियां कर रहे है। ये बहस समाज में जहर घोलने का काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि बरेली कॉलेज में सोशल मीडिया की बहस के बाद ये हंगामा हो गया।