बरेली सिटी स्टेशन के लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर नंबर टी-16 में बुधवार को युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बाद में शव की पहचान किला क्षेत्र के मलुकपुर निवासी अमन पुत्र सगीर अहमद के रूप में हुई। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी।
बरेली। बरेली सिटी स्टेशन के लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर नंबर टी-16 में बुधवार को युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बाद में शव की पहचान किला क्षेत्र के मलुकपुर निवासी अमन पुत्र सगीर अहमद के रूप में हुई। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बुधवार दोपहर सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारती ने क्वार्टर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने क्वार्टर खुलवाया तो अंदर युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस, बिहारीपुर चौकी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंच गई। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में परिजनों के आने पर मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।
मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अमन की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। आरोप है कि उसे साथ ले जाकर मारपीट की गई और फिर शव को क्वार्टर में डाल दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनकी कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही है।
मृतक के चेहरे और होंठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।