सोमवार को जिले को बड़ी रेल सौगात मिली, जब केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। बदायूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाते ही यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
बदायूं। सोमवार को जिले को बड़ी रेल सौगात मिली, जब केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। बदायूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाते ही यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्टेशन परिसर लोगों से खचाखच भरा रहा और इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
नई ट्रेन सेवा से बदायूं, कासगंज और एटा के यात्रियों को राजधानी तक सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा। अब तक इन जिलों के लोगों को दिल्ली जाने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी, लेकिन इस सेवा के शुरू होने से यात्रा आसान हो जाएगी। इसके साथ ही मुरादाबाद के रास्ते उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।
इस रेल सेवा से क्षेत्र के कृषि और वन उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। इससे किसानों और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक लाभ होने की उम्मीद है। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि यह सेवा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि बदायूं को गंगा एक्सप्रेसवे, रिंग रोड और फोरलेन हाईवे जैसी परियोजनाओं की सौगात भी मिल चुकी है।
रेल मंत्रालय ने 14315/14316 बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के मार्ग को कासगंज तक विस्तार देने की मंजूरी दी है। इसी क्रम में 05303 बदायूं-नई दिल्ली उद्घाटन विशेष ट्रेन सोमवार दोपहर 12 बजे बदायूं से रवाना हुई, जो रात 8 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए गए हैं, जिनमें सामान्य, आरक्षित कुर्सीयान और वातानुकूलित डिब्बे शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने संकेत दिए कि जल्द ही बदायूं से लखनऊ के लिए भी सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना है। इससे छात्रों, व्यापारियों और आम यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
उद्घाटन के मौके पर स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। किसानों ने ट्रेन पर फूल बरसाकर खुशी जाहिर की, वहीं महिलाएं और बच्चे सेल्फी लेकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाते दिखे। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। वहीं 05303 बदायूं-नई दिल्ली उद्घाटन विशेष ट्रेन दोपहर 12:00 बजे बदायूं से रवाना होकर बरेली जंक्शन, भिटौरा, नगरिया सादात, रामपुर जंक्शन, मुरादाबाद, अमरोहा, गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ जंक्शन, पिलखुआ, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार, तिलक ब्रिज और शिवाजी ब्रिज होते हुए रात 20:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।