नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में भमोरा पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरेली-बदायूं बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को 258.45 ग्राम अफीम (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 4 लाख रुपये) के साथ दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बरेली। नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में भमोरा पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरेली-बदायूं बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को 258.45 ग्राम अफीम (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 4 लाख रुपये) के साथ दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
एसओ भमोरा शनि चौधरी ने बताया कि 22 मार्च को एसआई शैलेन्द्र कुमार अपनी सिपाही चन्द्रपाल व उन्नत पंवार के साथ बल्लिया चौकी क्षेत्र में बरेली-बदायूं बार्डर पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से आ रही पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, तभी बगल में बैठा युवक खिड़की खोलकर खेतों की ओर कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पकड़े गए चालक से पूछताछ की गई तो उसने अपने पास अफीम होने की बात कबूल कर ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 258.45 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान दिनेश पुत्र सुरेश पाल निवासी ग्राम डहरपुर थाना दातागंज (बदायूं), उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिकअप को किराये पर चलाता है, जो शनि पुत्र सूरजपाल की है। उसका साथी वीरेश (निवासी रामपुर कांकर, भमोरा) उसे तस्करी में शामिल कर लाया था। दोनों अफीम को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे और मुनाफा आधा-आधा बांटते थे। पुलिस को देखकर वीरेश भाग निकला।
इस मामले में थाना भमोरा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पिकअप गाड़ी के कागजात न मिलने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट में सीज कर दिया गया है। आरोपी के पास से एक टच स्क्रीन मोबाइल भी बरामद हुआ है। भमोरा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर एरिया में नशा तस्करों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। पुलिस की सख्ती से तस्करों में खौफ का माहौल है।