
बरेली। फरीदापुर चौधरी इलाके में गोवंश के अवशेष मिलने का मामला अब पुलिस महकमे के लिए बड़ी किरकिरी बन गया है। शनिवार के बाद रविवार को भी उसी नाले में दोबारा अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी स्थित नाले में शनिवार को गोवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने सफाई और दफनाने की कार्रवाई का दावा किया था। लेकिन रविवार को उसी नाले में कुछ दूरी पर फिर से अवशेष दिखाई देने लगे। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल बड़ा एक्शन लेते हुए वैरियर वन चौकी इंचार्ज उमेश कुमार राय, कर्मचारीनगर चौकी इंचार्ज अमित कुमार समेत कुल सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
शनिवार को अवशेष मिलने के बाद चौकी इंचार्जों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि नाले की पूरी सफाई कराकर सभी अवशेषों को दफन कराया जाए और गोतस्करों की पहचान कर कार्रवाई की जाए। लेकिन पुलिसकर्मियों ने आदेश को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते रविवार को फिर वही हालात सामने आ गए।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ पंकज श्रीवास्तव और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी से अवशेष निकलवाकर दफनाए गए। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी साफ नजर आई। अवशेष मिलने की सूचना पर बजरंग दल और गोरक्षा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर समय रहते सही कार्रवाई होती तो दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनती।
एसएसपी अनुराग आर्य ने इज्जतनगर पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि गोतस्करों को जल्द से जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाए। पुलिस की दो टीमें संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Published on:
23 Mar 2026 11:04 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
