
बरेली। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बारादरी पुलिस ने देर रात बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया। गुलजार नगर इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने दो शातिर तस्करों को धर दबोचा, जिनके पास से 363 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और नशा तस्करों में खौफ का माहौल बन गया।
23 मार्च 2026 की रात बारादरी पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुलजार नगर पीली मिट्टी के पास संदिग्ध गतिविधि नजर आई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 363 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशू बजाज (36) निवासी फाल्तूनगंज और सर्वेश (37) निवासी सिकलापुर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं और इलाके में इनके नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।
बरामदगी के आधार पर थाना बारादरी में मु0अ0सं0 0340/2026 के तहत धारा 8/18 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।
पूछताछ में आरोपी सर्वेश ने कबूल किया कि वह पहले भी चोरी और जालसाजी के मामलों में जेल जा चुका है। उसने बताया कि बरामद अफीम विसौली क्षेत्र के एक अज्ञात किसान से खरीदी गई थी। इसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही गेम ओवर कर दिया।
एसपी सिटी मानुष पारिख और क्षेत्राधिकारी पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार छापेमारी और निगरानी से तस्करों की कमर तोड़ने की तैयारी है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल और व्हाट्सएप डेटा खंगाल रही है, जिससे सप्लाई चेन और बड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई जा सके। शुरुआती संकेतों के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई इलाकों में नशे की सप्लाई करता था। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे संभव हैं।
Updated on:
23 Mar 2026 04:09 pm
Published on:
23 Mar 2026 04:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
