रोजाना 40 से 42 हजार यात्रियों की आवाजाही संभालने वाले बरेली जंक्शन पर अब भीड़ से राहत मिलने वाली है। रेलवे ने शाहजहांपुर छोर पर छह मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
बरेली। रोजाना 40 से 42 हजार यात्रियों की आवाजाही संभालने वाले बरेली जंक्शन पर अब भीड़ से राहत मिलने वाली है। रेलवे ने शाहजहांपुर छोर पर छह मीटर चौड़ा नया फुटओवर ब्रिज बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नया पुल बनने से प्लेटफार्म दो, तीन और चार से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
इस समय जंक्शन के शाहजहांपुर और रामपुर दोनों छोर पर तीन-तीन मीटर चौड़ाई के फुटओवर ब्रिज बने हैं। रोजाना हजारों यात्री इन्हीं पुलों के सहारे प्लेटफार्म से बाहर निकलते हैं। जब इंटरसिटी एक्सप्रेस, आला हजरत एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें एक साथ पहुंचती हैं तो स्थिति और मुश्किल हो जाती है। हजारों यात्री एक ही समय पर प्लेटफार्म से निकलते हैं, जिससे पुलों पर धक्का-मुक्की की नौबत आ जाती है।
भीड़ अधिक होने से यात्री एक-दूसरे से सटकर निकलते हैं। कई बार तो हालात ऐसे बन जाते हैं कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को संभालना मुश्किल हो जाता है। हादसे की आशंका भी बनी रहती थी। कई यात्रियों को पुल खाली होने तक इंतजार करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए रेलवे ने शाहजहांपुर छोर पर एक और फुटओवर ब्रिज बनाने का फैसला लिया है।
नया फुटओवर ब्रिज छह मीटर चौड़ा होगा। इसके बनने के बाद जंक्शन पर कुल तीन फुटओवर ब्रिज हो जाएंगे। इससे भीड़ का दबाव बंटेगा और यात्रियों को बाहर निकलने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मो. इमरान ने बताया कि नए पुल का प्रस्ताव पास हो चुका है। जंक्शन पर पहले से दो फुटओवर ब्रिज मौजूद हैं। दोनों छोर पर एस्केलेटर और लिफ्ट की भी सुविधा दी गई है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को परेशानी न हो।
इधर कैंट छोर पर लगा एस्केलेटर चार दिन से खराब पड़ा है। इससे फुटओवर ब्रिज पर चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को एक एस्केलेटर खराब हुआ था, जिसके बाद से मरम्मत का इंतजार है। यात्रियों का कहना है कि भीड़ के समय एस्केलेटर का बंद होना परेशानी को और बढ़ा देता है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि नया फुटओवर ब्रिज कब तक बनकर तैयार होता है और खराब एस्केलेटर कब तक दुरुस्त किया जाता है।