बरेली

नैनीताल में फ्लैट का सपना दिखाकर 5 लाख उड़ाये, पैसे मांगे तो जान से मारने की धमकी, बरेली के कारोबारी समेत तीन पर मुकदमा

नैनीताल में 2 बीएचके फ्लैट दिलाने का झूठा सपना दिखाकर ठगों ने बरेली के एक युवक से 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Jan 01, 2026

बरेली। नैनीताल में 2 बीएचके फ्लैट दिलाने का झूठा सपना दिखाकर ठगों ने बरेली के एक युवक से 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजेन्द्रनगर निवासी आलोक सक्सेना ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान सिविल लाइन्स निवासी आनन्द गुप्ता से हुई थी। आनन्द गुप्ता ने अपने साथियों मोहन सिंह रुतेजा, आसिम और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर नैनीताल में अपार्टमेंट प्रोजेक्ट चलाने का दावा किया। सस्ते दाम में शानदार फ्लैट का लालच देकर आरोपियों ने पहले भरोसा जीता और फिर ठगी की साजिश रच डाली।

घर बुलाकर की गई ठगी, चेक से उड़ाए 5 लाख

19 मार्च 2025 को आनन्द गुप्ता ने पीड़ित को अपने घर बुलाया। वहां मौजूद सभी आरोपियों ने मिलकर 35 लाख रुपये में नैनीताल में 2 बीएचके फ्लैट देने का सौदा तय किया। बुकिंग के नाम पर 5 लाख रुपये टोकन मनी की मांग की गई। पीड़ित ने मोहन सिंह रुतेजा के नाम ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक दे दिए, जो 21 मार्च को बैंक से क्लियर हो गए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने न तो बुकिंग की कोई रसीद दी और न ही फ्लैट से जुड़ा कोई दस्तावेज। शक होने पर जब पीड़ित नैनीताल में बताए गए पते पर पहुंचा तो वहां न कोई अपार्टमेंट मिला और न ही किसी तरह का निर्माण कार्य चलता दिखा। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया तो वे टालमटोल करने लगे।

पैसे मांगने पर गालियां और धमकी

आरोप है कि 20 दिसंबर 2025 को जब पीड़ित अपने रुपये वापस मांगने आनन्द गुप्ता के घर पहुंचा तो वहां उसके साथ बदसलूकी की गई। आरोपियों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे भगा दिया। पीड़ित का आरोप है कि आनन्द गुप्ता, मोहन सिंह रुतेजा, आसिम और उनके साथियों ने सुनियोजित तरीके से उसके 5 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है। ठगी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

Also Read
View All

अगली खबर