
बरेली। रंगों के त्योहार से ठीक पहले मिलावटखोरों की काली कमाई पर प्रशासन ने जोरदार चोट की है। शहर में टोल-नाकों पर चल रही सघन चेकिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने 1150 किलो संदिग्ध पनीर से भरा वाहन पकड़ लिया। टीम को देखते ही चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद 23 ड्रम पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया गया। इसकी कीमत करीब 1.72 लाख रुपये आंकी गई है।
होली के मौके पर मिठाई, खोया और पनीर की बढ़ती मांग को देखते हुए जिलेभर में सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को सभी प्रमुख टोल और नाकों पर वाहनों की तलाशी ली। इसी दौरान रामगंगा पुलिस चौकी के पास एक संदिग्ध वाहन नजर आया। वाहन में ड्रम लदे देख टीम ने इशारा कर रोकना चाहा, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। टीम ने भी पीछा नहीं छोड़ा और कुतुबखाना सब्जी मंडी तक गाड़ी को ट्रैक किया। वहां रौनक ट्रेडर्स के सामने 23 ड्रम उतारे जा रहे थे। टीम को देखते ही चालक सामान छोड़कर भाग निकला।
ड्रम खोलकर जांच की गई तो उनमें पनीर भरा मिला। भंडारण की हालत संदिग्ध और गुणवत्ता प्रथम दृष्टया दूषित पाई गई। टीम ने तुरंत 1150 किलो पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। बताया जा रहा है कि त्योहार में इसे बाजार में खपाने की तैयारी थी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने साफ किया है कि होली पर किसी भी हाल में मिलावटी खाद्य पदार्थ बाजार में नहीं बिकने दिए जाएंगे। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और संदिग्ध कारोबारियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यह कार्रवाई मिलावट के धंधे में लिप्त लोगों के लिए साफ संदेश है कि त्योहार की आड़ में जहर बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Published on:
28 Feb 2026 09:12 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
